बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलता। इससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलता। कई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.

रविवार, 31 अगस्त 2014

कभी सूली नफ़रत की कभी फंदा हिफ़ाज़त का
















धीरेन्द्र सिंह की क़लम से

1. 
उम्र भर बस यही इक उदासी रही
आपके दीद को आँख प्यासी रही

तुम गये बाद जाने के बस दो यही
बेक़रारी रही,  बदहवासी रही

याद करने से क्या कोई आये भला?
एक उम्मीद थी जो ज़रा सी रही

मिस्ले- नामा- ए- बेनाम की ही तरह
मेरे अफ़सानों की इक हवा सी रही

हाले- दिल क्या बयां और कहके करूँ?
हार अपनी हुई और ख़ासी रही


2.

शौक़  तो हम तमाम रखते हैं.
सो सभी इन्तज़ाम रखते हैं.

आपके पास गर सुबह है तो
देखिये हम भी शाम रखते हैं

जाओ तुम क्या हमें ख़रीदोगे
हम बहुत ज्यादा दाम रखते हैं.

पत्थरो इक नयी ख़बर सुन लो
सर पे अब हम भी बाम रखते हैं.

क्या सिखाते हो बारहा हमको
काम से ही तो काम रखते हैं.

3.

काबा खोजे कलीसे ढूंढें हैं
सबमें  तुझको तुझी से ढूंढें हैं

कोई मिलया न कोई भाया है
सबमें  तुझको ही मैंने पाया है

मेनू इंसान दी शकल देके
रूह बनकर के तू समाया है

प्यार गर है ख़ुदा तो नासेहो
अब के मैंने उसी से ढूंढें हैं

काबा खोजे कलीसे ढूंढें हैं
सबमे तुझको तुझी से ढूंढें हैं

चाँद को वो उठाये मिटटी सा
वो बिगाड़े बनाये मिटटी सा

थोडा बाहर से सख्त दिखता है
पर वो नाज़ुक है हाये मिट्टी सा

हम-क़दम, हम-सफ़र है वो मेरा
अक्स उसके उसी से ढूंढें हैं

काबा खोजे कलीसे ढूंढें हैं
सबमे तुझको तुझी से ढूंढें हैं

4.

कभी सूली थी नफ़रत की कभी फंदा हिफ़ाज़त का
तरीक़ा ख़ूब तेरा था इबादत का मुहब्बत का

अबाबीलें थी मेरी दोस्त लेकर उड़ चलीं मुझको
तभी से ना ज़मीं देखी न देखा डर क़यामत का

कि करके वादा भी उसने मेरी लाज न रक्खी
वो है दुनिया से बे- ग़ाफ़िल, वो आशिक़ है शरारत का

तबीयत क्यूँ नहीं बनती कि जबसे वो हुई ओझल
सिला क्या बस यही हासिल है सजदे का इबादत का?

मुझे क़ानून का है डर, मगर दिल में ख़ुदा का घर
बहुत हूँ मुन्तज़िर कब से बस उसकी ही इजाज़त का

मिरे ख़्वाबों में भी मुझको यही इक खौफ़ रहता है
कि अगला खेल क्या होगा दिखावे की रिफ़ाक़त का

क़ुरआन-ए-पाक को छूकर, क़सम खाकर रमायन ( ण ) की
मैं करने आ रहा हूँ सामना फिर से क़यामत का

5.

चाहे तो मुझको दर- बदर कर दे
पर ख़ुदा इस मकां को घर कर दे

और गर हो, तो जान भी ले ले
मौत से पहले पर ख़बर कर दे

जान फूंको तो बुत बने इंसां
टूटी डाली को तू शजर कर दे

कुछ अता मुझको हिम्मतें कर दे
कुछ तो आसां मिरा सफ़र कर दे

6.

मेरी बात की बात कुछ भी नहीं है.
कहूँ क्या सवालात कुछ भी नहीं है.

तुम्हारी नज़र में ये दुनिया है सब कुछ,
हमारे ये हालात कुछ भी नहीं है?

कहें भी तो क्या क्या कि क्या हार आये,
मिली है जो ये मात कुछ भी नहीं है.

ग़म-ए-हिज्र इक ज़िन्दगी भर जिया है,
जुदाई की ये रात कुछ भी नहीं है.

7.

मिरे ख़त ध्यान से पढ़ना दुआएं साथ भेजी हैं
उन्ही आँखों से बरसेंगी घटाएं साथ भेजी हैं

अगर आँखें समझ न पायें तो तुम दिल से पढ़ लेना
मिरा ख़त बोल उट्ठेगा सदायें साथ भेजी हैं

तिरी आवाज़ के साये ज़बां से बाँध कर मैंने
वो सारी बातें जो तुमको सताएं साथ भेजी हैं

वही संजीदा सी ग़ज़लें तुम्हे जो ख़ास लगती हैं
वही जो इश्क़ से वाकिफ़ कराएं साथ भेजी हैं

तुम्हारी सांस से उलझी हैं जो खुशबू बहारों की
जो दुनिया भर को महका दें, हवाएं साथ भेजी हैं.

8.

कब तक कहूँ ये फितरत अच्छी नहीं किसी से
बे-इन्तहा मुहब्बत अच्छी नहीं किसी से

बेहद बुरी है हालत शब् भर मैं जागता हूँ
कैसे कहूँ तबीयत अच्छी नहीं किसी से

उसने कहा था मुझसे मेरी दुआ है रख लो
यूँ बाटना ये दौलत अच्छी नहीं किसी से

पूरा ही तोड़ देगा ये हश्र आदमी को
सच पूंछ लो तो कुदरत अच्छी नहीं किसी से

(रचनाकार-परिचय:
जन्म:  १० जुलाई १९८७ को क़स्बा चंदला, जिला छतरपुर (मध्य प्रदेश) में
शिक्षा: इंजीयरिंग की पढाई  अधूरी
सृजन: 'स्पंदन', कविता_संग्रह '  और अमेरिका के एक प्रकाशन  'पब्लिश अमेरिका' से  प्रकाशित उपन्यास 'वुंडेड मुंबई' जो काफी चर्चित हुआ।
शीघ्र प्रकाश्य: कविता-संग्रह  'रूहानी' और अंग्रेजी में उपन्यास   'नीडलेस नाइट्स'
संप्रति : प्रबंध निदेशक, इन्वेलप  ग्रुप
संपर्क: renaissance.akkii@gmail.com, यहाँ- वहाँ भी )

धीरेन्द्र सिंह की कुछ और ग़ज़लें हमज़बान पर ही


read more...

शनिवार, 30 अगस्त 2014

रूट्स की खोज में झारखंड पहुंचा युवा फिल्मकार रंजीत उरांव

 कुडुख में बनाई पहली फीचर फिल्म पेनाल्टी कार्नर



















जब आप अपने परिवार और पुरखों के बारे में बात करते हैं, तो असल में आप पृथ्वी के सारे इंसानों के बारे में बात कर रहे होते हैं। ऐसा विश्वप्रसिद्ध उपन्यास ‘रूट्स’ के आदिवासी लेखक एलेक्स हेली ने कहा है। यही बात युवा फिल्मकार रंजीत कुमार उरांव के मन में रही और वह रूट्स की तलाश में चेन्नई की अच्छी-खासी इंजीनियरिंग की जॉब छोड़कर झारखंड पहुंच गए। अश्विनी कुमार पंकज की कहानी पर उन्होंने कुडुख में पहली फीचर फिल्म पेनाल्टी कार्नर बनाई। यह अभी प्रमाण-पत्र के लिए सेंसर बोर्ड में है।

पलामू में जन्म, पढ़ाई चेन्नई से

रंजीत का जन्म पलामू के जुरू गांव में हुआ। यहां से शुरुआती पढ़ाई के बाद वह चेन्नई चले गए। पिता वहां नौकरी में थे। वहां अन्ना इंजीनियरिंग यूनिवर्सीटी से 2005 में बीटेक किया। इसके बाद चेन्नई और कोयंबटूर में मल्टीनेश्नल कंपनी में तीन साल तक अच्छे पैकेज पर नौकरी की। लेकिन बच्पन से ही सृजनशील रहे रंजीत का मन इसमें नहीं लगा। नौकरी छोड़कर पुणे के फिल्म प्रशिक्षण संस्थान (एफटीआई) में दाखिला ले लिया। यहां से निर्देशन व लेखन का कोर्स किया।

जनजातीय फिल्म बनाने वाले पहले झारखंडी

एफटीआई में यूं अब तक झारखंड से करीब 20-25 युवाओं ने कोर्स किया है। इसमें कई आदिवासी समुदाय से भी हैं। लेकिन रंजीत इनमें से अकेले युवा हैं, जिन्होंने पांच मिनट की डॉक्यूमेंट्री से फीचर फिल्म तक अपनी मातृभाषा कुड़ुख का चयन किया। इस तरह निसंदेह वह जनजातीय फिल्म बनाने वाले पहले झारखंडी हुए। पेनाल्टी कार्नर की कहानी में कर्मा कथा के साथ एक आदिवासी खिलाड़ी बच्ची का संघर्ष समानांतर चलता है। विलुप्त हो रही उरांव संस्कृति व भाषा उनके झारखंड वापसी का कारण बनी।

भास्कर झारखंड के 15 अगस्त 2014 अंक में प्रकाशित 
read more...

बुधवार, 27 अगस्त 2014

ऋषभ @ कविताएं संगीत के दूसरे सात स्वर की तरह














अजित कुमार सिन्हा की कविताएं

याद
हवा के झोंके  की तरह
तुम आये मेरे जीवन में
कर दिया खुशबू से सराबोर मुझे
उड़ा दिया हिचकिचाहट के परदे को
हवा के झोंके की तरह
बस गयी तुम्हारी महक साँसों में
स्पर्श से तुम्हारे थरथराता रहा जिस्म
छेड़ते रहे तुम मेरी जुल्फों के तार
हवा के झोंके की तरह
सर्वस्व दिया मैंने तुमको, पर हुआ क्या?
मुझे नहीं पता, आये थे जितनी तेजी से
उतनी ही तेजी से लौट गए, बिलकुल
हवा के झोंके की तरह
पर अफ़सोस नहीं जरा भी, खुश हूँ मैं
क्योंकि, मेरी रूह में बसे हो तुम
हर सुगंध में तुम्हारी याद चली आती है
हवा के झोंके की तरह

अवसाद
घुप्प अँधेरा घिरता हुआ
रौशनी को लीलता हुआ
सुदूर क्षितिज तक आसमां के पार तक
बिंदु रौशनी भी दृष्टिगोचर नहीं
लोभ नहीं छूटता कहने का,
मिलेगा चाँद कहीं पे सहमा हुआ.
अवसादग्रस्त हैं फिजायें
हवा में भी सूनापन है
ठहरा हुआ है सब कुछ
आ रहा है बस अँधेरा घिरता हुआ
अब आशा की किरणें भी मद्धिम होती सीं
अनिश्चित भविष्य के गर्भ में विलीन होती सीं
इनपर घना कोहरा सा छाता हुआ
डूबता हुआ सा मन इस अँधेरे में
प्रतीत होता है इन क्षणों में
बस अँधेरे से अँधेरा मिलता हुआ

इंतजार
ये बिखरे हुए कागज़ ,
अलसाए से परदे, खिड़कियाँ
कर्कश प्रतीत होता बुलबुल का कलरव
भुतहा लगता अंधियारे में पार्क, बोझिल हवा
और ये सहमा हुआ चाँद
हाथ की किताब का मुड़ा हुआ पन्ना, बुझती मोमबत्ती
पॉकेट में सूखी गुलाब की पंखुडिया
तुच्छ लगती भावनाएं
मन को भाता अकेलापन
याद दिलाता है मुझको
अभी भी मैं वहीँ हूँ
जहाँ छोड़कर चले गए थे तुम

मन की बात
निस्तब्ध चंद्रमा को देखती एकटक झील में
ज्यों कोई कंकड़ गिरा हो
असंख्य उर्मियाँ खेलती ह्रदय के आँगन में
मथती हुई झील के ह्रदय पटल को
विलोड़ित करती नीरव शांति को
हो रहा लगातार ऊर्जा प्रवाह
रात्री के अन्धकार में
एक हलचल आती है एक हलचल जाती है
शांत हो जाता है सब , कुछ समय उपरांत
सीमाओं में बाँध लिया है खुद को
झील के बाहर नहीं होता ऊर्जा प्रवाह
कितने ही कंकड़ गिरे , कितनी ही तरंगे आईं और गयी
तोड़ न सकी कोई सीमाओं के बंधन को
कलुषित हृदयों के उद्धार के लिए पर्याप्त थी एक ही हलचल
सीमायें हम खुद बांधते हैं सो
कोई तरंग उठती है कुछ समय के लिए
पर उद्वेलित नहीं क़र पाती , जड़ बना रहता है सब कुछ
संचार नहीं होता ऊर्जा का
हम होने देते हैं कह के होनी और रह जाते हैं
निस्तब्ध , चंद्रमा को देखती , एकटक , झील की तरह .

(रचनाकार -परिचय:
जन्म: २१ मई १९८७ को गाजीपुर, उत्तर प्रदेश में
शिक्षा: प्रारंभिक- तराँव, गाजीपुर स्कूल- बक्सर कालेज- नोएडा से मेकेनिकल इंजीनियर
सृजन: फेसबुक पर सक्रिय। कोई प्रकाशित रचना नहीं।
संप्रति: मुंबई में सरकारी नौकरी
संपर्क: axn.micromouse@gmail.com)  
read more...

मंगलवार, 26 अगस्त 2014

पटना में कामकाजी स्त्री


तकिया और बस के सिवा कौन है उसका साथी 

प्रीति सिंह की क़लम से
सुबह का धुंधलका. रात की कालिमा को परे धकेलते हुए सूरज की हल्की-हल्की रोशनी बिखरने को तैयार थी. चिड़ियों का झुंड शोर मचाते हुए दाने की तलाश में निकल पड़ा हो. ओस की बूंदें यूं लग रही थीं मानो अपने प्रीतम से बिछड़ने का दर्द किसी नवयौवना की आंखों से छलक आये हों.. सब कुछ ठहरा-ठहरा.. अलसाया हुआ था...
लेकिन इन सबसे अलग एक तबका भोर की इस हल्की सी रोशनी में भी भाग रहा था. आपाधापी कर रहा था .. बड़ी उत्सुकता से जब मैंने इन्हें जानने की कोशिश की.. तो हैरान रह गई.. दरअसल.. ये परछाईयां जो भाग रही थीं.. ये वो महिलायें थीं.. जो कामकाजी हैं.. ऑटो और बसों में एक-दूसरे को धकियाते हुए आगे निकलने की इनकी होड़ इसलिए थी ताकि ये सही समय पर अपने ऑफिस पहुंच सकें. किसी को अपने शहर के किसी सड़क तक जाने की हड़बड़ी थी, तो कुछ महिलाओं को दूसरे शहरों की ओर रुख करना था. इसके लिए पहले उन्हें पहले ऑटो फिर ट्रेन पकड़नी थी.
लेकिन समस्यायें यहीं पर खत्म नहीं हुई थीं. ये तो बस एक शुरुआत थी. उसकी जो इन्होंने कामकाजी होने के एवज में चुकाई थी. कई घंटों का ट्रेन का सफर करने के बाद तय समय पर अपने ऑफिस पहुंचना इनकी पहली चुनौती थी. उससे भी बड़ी चुनौती थी अपने घर के सारे काम-काज को पूरा कर ऑफिस के लिए तैयार होकर सही समय पर निकलना. सुबह 4 बजे उठने के बाद भी उनकी ये तपस्या तब तक पूरी नहीं होती.. जब तक थक-हार कर घर लौटने के बाद वो फिर से अपने सारे काम-काज को निबटा न लें. काम-काज से यहां तात्पर्य उन कामों से है,  जिसका न तो कोई तय रुटीन है.. और न ही कोई ड्यूटी आवर.. इसके लिए इन कामकाजी महिलाओं को कोई वेतन भी नहीं मिलता.. लेकिन.. फिर भी जन्म से लेकर मरते दम तक उसे ये घरेलू काम अनवरत करने पड़ते हैं.
कमोबेश ये हालत हर शहर, हर क़स्बे की है. लेकिन पटना जैसे शहर में तो हालात और भी बुरे हैं.  बुरे इसलिए क्योंकि यहां कुछ दिनों में लोगों के खान-पान और पहनावे में बदलाव तो आया है. लेकिन महिलाओं को लेकर पुरुषवादी मानसिकता में आज भी यहां बहुत ज्यादा फर्क नहीं आया है. सामाजिक रुढ़ियां लोगों को जकड़े हुई हैं.  कामकाजी महिलाओं के लिए हालात बहुत ज्यादा मुफीद नहीं हैं. आने-जाने के साधनों की कमी की वजह से महिलाओं को हर दिन परेशानियों से दो-चार होना पड़ता है. पटना जैसे छोटे शहर में महिलाओं के लिए स्पेशल ट्रेन तो नहीं ही है. जो महिला बोगी है, उस पर भी पुरुषों का ही कब्जा अधिक नजर आता है. बंदी और हड़ताल में तो इन महिलाओं की हालत और भी ज्यादा खराब हो जाती है.  ऐसे में कभी ट्रेन छूट जाये,  तो फिर भगवान ही मालिक है.
मुझे याद आता है. रात 8 बजे ऑफिस से घर लौटने के दौरान मैंने पटना जंक्शन से घर जाने के लिए बस पकड़ी. बस में मेरी बगल वाली सीट पर एक महिला (जिनकी उम्र लगभग मेरे ही बराबर थी) बैठीं. रास्ते में बातचीत के दौरान पता चला कि वो हर दिन पटना बाइपास से मोकामा जाने के लिए सुबह 6 बजे घर से निकलती हैं. इसके पहले उन्हें सुबह जल्दी उठकर घर का सारा काम-काज निपटाना पड़ता है. घर पर अपनी छोटी सी बेटी को सास-ससुर पर छोड़कर वो हर दिन अपने काम पर जाती हैं. इस दौरान उन्हें बस स्टॉप तक जाने के लिए डेढ़ घंटे पैदल जाना पड़ता है. कई बार उनकी बेटी बीमार होती है. लेकिन उन्हें काम पर जाना ही पड़ता है. फिर भी आये दिन वो देर से ऑफिस पहुंचती हैं. वहां बॉस की झिड़कियां उन्हें सुननी पड़ती हैं. उन्होंने बताया कि कैसे घर लौटने के दौरान आये दिन ट्रेन में लोग बदतमीजी करते हैं. डांटने पर उल्टे वही लोग इन्हें ‘मनबढ़ू महिला’ की संज्ञा देते हैं. कहते हैं हमारे घर में ऐसी महिलायें हों तो हम उन्हें जिंदा न रहने दें. इन सबसे लड़ते-निपटते जब वो घर पहुंचती हैं, तो फिर से रात के खाने का वक्त हो जाता है. कई बार तो बिना कपड़े बदले ही उन्हें भयंकर गर्मी में सीधे रसोई में घुस जाना पड़ता है. देर रात गए जब वो बिस्तर पर जाती हैं तो पति से बिना बात किए सो जाती हैं. जिस पर उनके पति की नाराजगी और बढ़ जाती है.. उसी कामकाजी महिला के शब्दों में..”नौकरी करना जी का जंजाल बन गया है. न करो तो घर में पैसों की तंगी और करो तो जिंदगी हराम.“ उन्होंने बस से उतरते-उतरते मुझे सलाह दी, काम तभी तक करना जब तक शादी न हो जाये. शादी के बाद तो नौकरी और जिंदगी में तालमेल बिठाते-बिठाते ही उम्र खत्म हो जाती है और हम जिंदा हैं या नहीं ये एहसास भी मर जाता है.
लगभग हर कामकाजी महिला की यही कहानी है... काम पर से देर रात गए घर लौटते वक्त हाड़-हाड़ थक कर चूर हो जाता है. सोचने-समझने की शक्ति जवाब दे जाती है. लेकिन  घर के ढ़ेरों काम इनके इंतजार में रुके होते हैं. सब निबटा कर बिस्तर पर गिरने के बाद कोई होश नहीं रहता.  ऐसे में पति की इनसे अलग शिकायतें होती हैं और बच्चों की अपनी. सासू मां और ससुर जी को इनका नौकरी करना रास नहीं आता, तो पति को घर पर खाली बैठे रहना.
लेकिन कोई नहीं सोचता कि महिला क्या चाहती है.  कैसा लगता है उसे जब घर पर अपने छोटे बच्चे को छोड़ कर उसे नौकरी पर जाना होता है. मन बच्चे में अटका होता है. काम सही समय पर पूरा नहीं होने पर बॉस से झिड़कियां खानी पड़ती हैं. कैसा लगता है उसे तब.. जब ट्रेन की भीड़भाड़ में कई लोग हर रोज जाने-अंजाने उसे टटोलना चाहते हैं. कैसा लगता है जब बुखार के बाद भी उसे अहम फाइलों को निबटाने के लिए ऑफिस जाना पड़ता है.
सबसे अहम लेकिन सबसे खास कि कैसा लगता है उसे जब महीने के आखिर में उसकी मेहनत से कमाये गए रुपये बिना उसकी मर्जी जाने पति उससे ले लेते हैं. कहते हैं कि लाओ इसे मुझे दो नहीं तो तुम इसे बेकार की चीजों पर खर्च कर दोगी. तब पता चलता है एक कामकाजी महिला होने के सारे संघर्ष किस कदर बेमानी और बेमकसद हो जाते हैं. सारी रात तकिये को गीला करने के बाद अगली सुबह कामकाजी महिलायें फिर तेज-तेज कदमों से भागे चलती है उस बस को पकड़ने.. जो संघर्षों और संकटों में अकेला उसका साथी है. दूर खड़ी होकर मैं महिलाओं की इन भागती-दौड़ती परछाईयों को देखती हूं.

(रचनाकार-परिचय:
जन्म: 20 मई 1980 को पटना बिहार में
शिक्षा: पटना के मगध महिला कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक, नालंदा खुला विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में हिन्दी से स्नाकोत्तर
सृजन: कुछ कवितायें और कहानियां दैनिक अखबारों में छपीं। समसायिक विषयों पर लेख भी
संप्रति: हिंदुस्तान, सन्मार्ग और प्रभात खबर जैसे अखबार से भी जुड़ी, आर्यन न्यूज चैनल में बतौर बुलेटिन प्रोड्यूसर कार्य के बाद फिलहाल वास्तु विहार मीडिया वेंचर प्राइवेट लिमिटेड में कंटेंट डेवलपर और  आकाशवाणी में नैमित्तिक उद्घोषक
संपर्क: pritisingh592@gmail.com)
read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)