रंजना डीन की क़लम से
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
न जाने कितने ऐसे पल आये
जब भीड़ में होते हुए भी
दिखे सिर्फ तुम ही
सुना सिर्फ तुमको
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
हमें याद रहा कि लंच टाइम हो गया
तुमने खाना खाया होगा या नहीं
खाना तुम्हे पसंद आया होगा या नहीं
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
दूर होते हुए भी मै तुम्हारे करीब थी
दोपहर के खाने के बाद की जम्हाइयां बता रही थी कि
तुम्हारी तकिये के आधे हिस्से पर
अभी भी मेरा ही हक़ है
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
सुबह की चाय साथ पीना
रसोईं घर में मेरे आस पास तुम्हारा मंडराना
पिछले दिन के ब्योरे का हिसाब किताब
और आज के दिन की जन्म कुंडली
ऑफिस के लिए तैयार होते
मेकअप करते देख तुम्हारी इर्ष्या
कडवे शब्दों के पीछे छुपे
तुम्हारे अथाह प्यार को छुपा नहीं पाती
तुम्हारी और मेरी व्यस्तताओं के बीच
उदास धूप
पीले से पत्तों के नीचे
छुपी हुई है छांव दुबक कर
धूप उदास अकेली उसको
ढून्ढ रही है सुबक सुबक कर
बहुत दिनों से नहीं मिले वो छोर
जहाँ दोनों मिलते थे
आधे ठन्डे, आधे गर्म फर्श पर
कुछ लम्हे खिलते थे
बहुत देर से देख रही थी हवा
धूप के नैना गीले
उड़ा ले गयी एक झोंके में
सारे बिखरे पत्ते पीले
पत्तों की चादर हटते ही
छाँव धूप से मिलने आई
नम आँखे जब धूप की देखी
उसकी आँखे नम हो आयीं
तारो की रौशनी में
कभी कभी तनाव से ऊब कर
नींद जब पल्लू छुड़ा कर भागती है
तो रोकती नहीं उसका रास्ता
सोच कर कि शायद
कहीं कोई मखमली सपनो की सेज पर
करता होगा उसका इंतज़ार
और चुपचाप चुनने लगती हूँ
आसमान के सितारे
क्योंकि दिन के उजाले
कई बार आँखों को चौंधिया देते हैं
और साफ़ दिखती हुई चीज़ें भी
रह जाती हैं अनसुनी, अनदेखी
दिन की भीड़ और भीड़ का शोर
अक्सर दबा देता है
कुछ आवाज़ों को
जो कानो तक आकर भी
गुज़र जाती हैं बिना दस्तक दिए
फिर इन नन्हे तारों की
टिमटिमाती रौशनी में
खोजती हूँ उन आवाज़ों को
ढूँढती हूँ उनके जवाब
और तब वो रौशनी और ख़ामोशी
देती है जवाब
हर अनसुनी बात का
और मै हैरान रह जाती हूँ ये देखकर
तारो की रौशनी में
सबकुछ दिखता है कितना साफ़
[कवयित्री-परिचय: जन्म : ११ फरवरी 1976 ,लखनऊ में .
शिक्षा: कला स्नातक के साथ भरतनाट्यम में विशारद
रूचि: फोटोग्राफी, बागबानी और साहित्य में
सम्मान:यूनेस्को समेत देसी-विदेशी कई संस्थानों द्वारा पुरस्कृत
ब्लॉग:ए पोएटेस
सम्प्रति : एक प्रतिष्ठित निजी विश्वविद्यालय में प्राध्यापिका]

