बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलताइससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलताकई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.
समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
समीक्षा लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

गुरुवार, 12 फ़रवरी 2015

रेड ज़ोन यानी झारखंड का औपन्यासिक दस्तावेज़

समस्याओं को समग्रता में डायग्नोस करता उपन्यास


















गुंजेश की क़लम से
हम अपनी पीढ़ी में अंतिम इतिहास नहीं लिख सकते, लेकिन हम परंपरागत इतिहास को रद्द कर सकते हैं और इन दोनों के बीच प्रगति के उस बिंदु को दिखा सकते हैं, जहां हम पहुंचे हैं। सभी सूचनाएं हमारी मुट्ठी में है और हर समस्या समाधान के लिए पक चुकी है।  -ऐक्टन

एलोपैथ में अक्सर होता है कि कान की बीमारी के इलाज के लिए नाक में दवाई दी जाती है। साहित्य रचना बीमारी का इलाज भले ही न हो, लेकिन उसको डायग्नोस करने का एक तरीका तो जरूर है। विनोद कुमार रचित रेड जोन, ऐसा ही एक उपन्यास है जो हमारे आसपास मौजूद समाजों (दल, वर्ग, जाति, राष्ट्र, या जो भी नाम हम देना चाहें) में समाधान के लिए पक चुकी समस्याओं को समग्रता में डायग्नोस करता है। रेड जोन, में सिर्फ रेड जोन की बात नहीं है बल्कि यह पूरे झारखंड और उसके बनने के क्रम में यहां की समाजिक हलचलों का दस्तावेज है। खुद लेखक इस बारे में लिखते हैं ""सच पूरा का पूरा देखना तो कठिन है ही, लिखना और भी ज्यादा कठिन। कुछ यथार्थ और कल्पनाओं को जोड़ कर यह रचना बनी है। मौजूदा राजनीति, राजनेताओं, पत्रकारों के ब्योरे में यथार्थ का अंश ज्यादा है। झारखंड को लाल रंग देती भूमिगत गतिविधियों और प्रवृत्तियों में कल्पना का अंश ज्यादा।'' (दो शब्द)
रेड जोन में दर्ज समय झारखंड अलग राज्य बनाने की मांग से लेकर अलग राज्य बनने के कुछ बाद तक का है। पहली नजर में उपन्यास का नायक मानव दिखता है जो कि लौहनगरी में राजधानी से निकलने वाले एक अखबार का स्टॉफ रिपोर्टर है। लेकिन पाठ खत्म होते ही यह सवाल उठता है कि क्या वाकई मानव उपन्यास का नायक है? या वह उस दिक (स्पेस) में जिसमें उपन्यास रचा गया है, के काल (टाइम) का प्रतिक है। जिसमें सब कुछ घटित हो रहा है। लेकिन उन तमाम घटनाओं पर उसका कोई प्रभाव नहीं है। वह सिर्फ मौजूद है और कई बार तो पीड़ित भी।

उपन्यास अपने आधे हिस्से में जिस सवाल को प्रमुखता से उठाता है वह है ""... अब देखिए न, इस लौह कारखाना के चलते इस औद्योगिक शहर के रूप में झारखंड में समृद्धि का एक द्वीप जरूर बन गया है लेकिन यहां के आदिवासियों और मूलवासियों को क्या मिला?''

सुप्रसिद्ध आलोचक वीर भारत तलवार ने अपने किसी लेख में शिबू सोरेन का जिक्र करते हुए लिखा था कि कभी सोचा था की उन पर किताब लिखूंगा लेकिन अब स्थितियां काफी बदल गईं हैं। रेड जोन में गुरुजी की कहानी शिबू सोरेन की उन्हीं बदली हुई स्थितियों का बयान है। गुरुजी, बाटूल, मुक्ति मोर्चा, मंडल जी, विस्थापन की राजनीति। भाजपा, दादा, बिहार, वनांचल की मांग। दुर्गा, कालीचरण, तेज सिंह, लेवाटांड़, पछियाहा राजनीति, दारोगा, बंदूक और उसकी नली से निकलने वाली सत्ता का स्वप्न। दो अन्य नेता एके राय और महेंद्र सिंह। इन सब से गुजरने वाला मानव, मानव पर नजर रखने वाला उसका अखबार और अखबार के संपादक हर्षवर्द्धनजी।

क्या हम यह मान सकते हैं कि ऐतिहासिक समस्याएं हमेशा व्यक्तिगत व्यवहार और व्यक्तिगत सनक की समस्या होती है। चाहे वह अलग राज्य को लेकर चला आंदोलन हो या फिर राज्य बनने के बाद सत्ता हासिल करने की राजनीति, इत्तिफाक से झारखंड में हमेशा व्यक्तियों के इर्दगिर्द ही नाचती रही है। "" इसके अलावा झारखंडी समाज में एक और द्वंद्व है, वह है बाहरी और भीतरी का। कॉमरेड राय ने इस विभाजन- रेखा को एक दशक पहले बहुत गहरा कर दिया था।'' (पृष्ठ सं. : 121) में लेखक व्यक्ति आधारित राजनीति के साथ-साथ नेताओं के व्यक्तिवादी होने पर भी टिप्पणी कर रहा है। मानव खुद जेपी आंदोलन से निकल कर पत्रकारिता के क्षेत्र में अाया है और जन आंदोलनों की ओर सहानुभूति रखता है। लेकिन यह मानव का जेपी आंदोलन के मोह से निकला हुआ मन है या पत्रकारिता में रम चुका वस्तुनिष्ठ दिमाग कि वह किसी भी व्यक्ति पर चाहे वह गुरुजी हों, एके राय हों, दादा हों या महेंद्र सिंह हों पूरी तरह भरोसा नहीं करता। वास्तव में यही उपन्यास के पूरे क्राफ्ट की विशेषता और सफलता है कि वह किसी को हीरो नहीं बनाता। वरना हाल के दिनों में आदिवासियों और जन आंदोलनों के हीरो गढ़ने की जो परंपरा चल निकली है वह इतिहास दृष्टि में बहुत अधिक गलतियां और भ्रम पैदा कर रही हैं।

कालीचरण और दुर्गा

दो आदिवासी चरित्र उभर कर सामने आए हैं। कालिचरण बरास्ते गुरुजी वामपंथ और फिर माओवाद की शरण में चला जाता है। दुर्गा पर समय की नजर कुछ ऐसी पड़ी है कि उसे यकीन होने लगा है कि सत्ता बंदूक के रास्ते से ही मिल सकती है। कालीचरण तो पहले से ही हिंसा के मार्ग के पक्ष में नहीं था।
लंबी बहसों और हत्याओं के एक सिलसिले के बाद दुर्गा को भी लगने लगता है कि ""लड़ें-मरें हम और निर्णय कोई और ले। हमारे यहां ऐसा नहीं होता।.....
हमारे यहां नहीं होता माने हमारे समाज में नहीं होता। आदिवासी समाज में नहीं होता।'' (पृष्ठ सं. 334)  दरअसल झारखंड की विडंबना यही रही कि "" आम झारखंडी नेता समाजवादी आंदोलन मुखी नहीं है और जो लोग आंदोलन में हैं वे झारखंडी नहीं हैं।'' (पृष्ठ सं. 372) और इन सब स्थितियों में कई कालीचरण और दुर्गा बनते जा रहे हैं। जो अपनी समाज की तरह "राज्य' की तलाश में एक खेमे से दूसरे खेमे में जाते हैं और हर जगह से ठगे से लौटते हैं।

यह कहने में कोई संकाेच नहीं है कि लेखक ने वो सारे खतरे उठाए जो इस उपन्यास को व्यक्तिवादी और सेंसेशनल बना सकता था और लेखक उन सब खतरों के बीच से समाज में फैले कमिटमेंट की कमी को दर्ज करने में भी कामयाब हुआ। चाहे वह पत्रकारिता से जुड़े मानव के अपने सवाल हों या फिर राजनीतिक हलकों से जिंदा नजिरों को उठाना। वीर भारत तलवार ने फ्लैप पर सटीक ही लिखा है कि लेखक के जवाबों से कोई सहमत या असहमत हो सकता है लेकिन उसकी ईमानदारी पर शक नहीं किया जा सकता। अंत में सिर्फ इतना ही कि यह न केवल एक राजनीतिक उपन्यास है बल्कि पिछले कुछ समय का एक महत्वपूर्ण डाक्यूमेंट भी है।


पुस्तक : रेड ज़ोन
लेखक : विनोद कुमार
 प्रकाशक : अनुज्ञा बुक्स, दिल्ली
 कीमत : 395
 पृष्ठ : 400

दैनिक भास्कर के झारखंड संस्करणों में 12 फरवरी 2014 को प्रकाशित

(रचनाकार -परिचय:
जन्म: बिहार झरखंड के एक अनाम से गाँव में 9 जुलाई 1989 को
शिक्षा: वाणिज्य में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर महात्मा  गांधी अंतर राष्ट्रीय हिंदी विश्व विद्यालय, वर्धा से
सृजन: अनगिनत पत्र-पत्रिकाओं व वर्चुअल स्पेस  में लेख, रपट, कहानी, कविता
संप्रति: भास्कर के रांची संस्करण के संपादकीय विभाग से संबद्ध
संपर्क: gunjeshkcc@gmail.com )



read more...

मंगलवार, 11 मार्च 2014

दुपट्टे को बांध दूंगी बरगद की ऊंची शाख पर परचम की तरह


 






























ब्लॉगर्स की कविताओं की रंगत बेशुमार @ शब्द संवाद

सैयद शहरोज क़मर
की क़लम से

'अपने दुपट्टे को  बांध दूंगी
उस पक्की  सडक़ के  कि नारे वाले
बरगद की  ऊंची शाख पर परचम की  तरह।'

 इसे पढ़ते हुए तुरंत ही मशहूर शायर मजाज का शेर जेहन में उतर आता है,
'तेरे माथे पे ये आंचल बहुत ही खूब है लेकिन
तू इससे परचम बना लेती तो अच्छा था।'
बरसों बाद युवा कवयित्री रश्मि शर्मा दुपट्टे को परचम बना लेने की बात कहती हैं। उनके साहस को  सलाम! वर्ना अब ऐसे बदलाव तो कविताओं से भी लुप्त होते जा रहे हैं। उनकी कविता अंतिम गांठ की यह पंक्ति है। ऐसी कई कविताएं वीना श्रीवास्तव के संपादन में प्रकाशित कविता संकलन 'शब्द संवाद' में संगृहित हैं। रश्मि की  रचनाओं में मौन का  जंगल पसरा है, जिसमें हवाओं की  अलगनी पर झूलते कई सवाल पूछते हैं कि हम इंसान हैं या जानवर। मौजूदा हिंसक  वातावरण में स्त्री पूछती है, 'क्या एक  औरत कर पाएगी / कभी किसी पर विश्वास/ कौन देगा/ इन अनगिनत प्रश्नों का  जवाब।'

इस संकलन में ब्लॉग पर सक्रिय  22 कवियों की रचनाएं शामिल हैं। इनमें 70 वर्षीय अशोक  सलूजा 'अकेला' से लेकर बीस साल के  टटका कवि मंटू कुमार भी हैं। पुस्तक  आधी दुनिया के पूरे सपने के  नाम समर्पित तो जरूर है। लेकिन इनमें महज 9 कवयित्रियों को  ही जगह मिली है। बकौल संपादक  हिंदी में 20 हजार ब्लॅागर हैं। इनमें नियमित लिखने वाले बहुत कम हैं। पर उन्होंने प्रतिनिधि रचनाकारों को सम्मिलित करने का  दावा किया है। कोई शक  नहीं कि कुछ नाम बहुत ही लोकप्रिय हैं। इनकी लोकप्रियता का  कारण भी उनकी रचनाधर्मिता है। पर बाकी  कवियों की रचनाएं अपेक्षाकृत कमजोर हैं, प्रतिनिधि तो क़तई नहीं कह सकते। लेकिन इनमें जिंदगी के  प्रति उत्कट लगाव है। विडंबनाओं को लेकर क्षोभ है।

छायावादी स्तंभों में रहे सुमित्रानंदन पंत की मानस-पुत्री सरस्वती की कवयित्री बिटिया रश्मि प्रभा 'कड़ी धूप में निकल गए समय से'  आंचल में कुछ छांह बांधकर बच्चों को वसीयत में देती हैं। इनके यहां चिडिय़ों की चोंच में उठा लिए गए और बादलों की  पालकी  पर उड़ते शब्द हैं। जो 'शब्द कभी विलीन नहीं होते / प्रेम हो / इंतजार हो / दुआ हो, मनुहार हो / वियोग हो, त्योहार हो।'  इनकी  कविताओं में 'शब्द साथ-साथ चलते हैं / कभी सिर्फ खिलखिलाते हैं / कभी बालों में घूमती मां की  उंगलियों से निकलते हैं, शब्द।'  कलावंती की पंक्तियां, 'स्त्रियां सुख का हाथ छोडक़र / दुख को पार करा देती हैं सडक़' या ' पिता जब तक थे जीवित / कितनी बड़ी आश्वस्ति थे।'  अनमोल वचन की भांति स्मरण में रह जाती हैं। रीता प्रसाद उर्फ ऋता शेखर मधु 'वाणी और क़लम' के  बल पर कहती हैं, 'उम्मीदों के  चिराग जलाके रखो'  क्योंकि  'जीवन के  कुरुक्षेत्र में...../ कोई भी होता नहीं / ज्ञान कोई देता नहीं।'  शारदा अरोड़ा भी 'सोच के दीप जलाकर'  देखने की बात कहती हैं।

'इंसान अब रहा नहीं तेरी दुनिया में ऐ खुदा
कोई यहां हिंदू, कोई मुसलमान रह गया।'
युवा कवि अमित कुमार अपने इसे शेर के  साथ संग्रह में सबसे पहले अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज कराते हैं। वहीं मदन मोहन सक्सेना की पंक्तियां भी असर छोड़ती हैं,
'भरोसा है हमें यारो कि कल तस्वीर बदलेगी
गलतफहमी जो अपनी है, वो सब दूर हो जाएं
लहू से फिर रंगा दामन ना हमको  देखना होगा
 जो करते रहनुमाई है, वो सब मजदूर हो जाएं।'

वहीं युवा चितेरे मंटू की  रचनाओं का खिच्चापन आकर्षित करता है। इस संकलन में शामिल दस कवियों ने दामिनी के बहाने पुरुष के  दुरंगेपन का बखूबी पोस्टमार्टम किया है। इनमें अशोक  कुमार सलूजा, मनोरमा शर्मा, मंटू, निहार रंजन, राजेश सिंह, रश्मि प्रभा, डॉ. शिखा कौशिक  'नूतन', वीना श्रीवास्तव और बिधू शामिल हैं। संकलन में आशु अग्रवाल, किशोर खोरेंद्र, नीरज बहादुर पाल, प्रकाश जैन, प्रतुल वशिष्ठ, रजनीश तिवारी, शशांक  भारद्वाज की भी कविताएं हैं।

पुस्तक : शब्द संवाद (कविता)
संपादक : बीना श्रीवास्तव
पृष्ठ: 228
मूल्य: 399 रु.
प्रकाशक : ज्योतिपर्व, दिल्ली

भास्कर झारखण्ड के 25 फ़रवरी 2014 के  अंक में प्रकाशित

read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)