बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलता। इससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलता। कई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.

बुधवार, 8 अप्रैल 2015

बिमल राय का काबुलीवाला















सैयद एस.तौहीद की क़लम से
काबुलीवाले  के पात्र से परिचित होना एक नवीन अनुभव विकसित करता है। काबुली जैसे तिजारतगुज़ारों के ज़रिये  मानवीय रिश्तों को दिखाने का ख़ूबसूरत अंदाज़ फ़िल्म में था। तिजारत के वास्ते ख़ान काबुल से हिन्दुस्तान चला आया. था। उसे इसका इल्म था कि हिन्दुस्तान में तिजारत के ज़्यादा  अवसर थे। घर-परिवार ख़ास कर प्यारी संतान से दूर चला आया था। नई मंज़िलें उसे बुला रही थी। काबुलीवाले के हालात में तिजारत करने वाले ख़ानाबदॊश दूसरे लोगों की तक़दीर भी अनुभव की जा सकती है। ज़िन्दगी फ़लसफ़ों से हो ना मेल खाती हो,  लेकिन सिर्फ़  फ़लसफ़ों के सहारे चलती नहीं। व्यापार के लिए हमे अक्सर अपनों की  तरफ़ से  दिल कठोर करना होता है. या यूं कह लें कि रोज़गार  व अर्थ पाने के लिये लिए समझौते करने पड़ती हैं. घर से निकल आने के बाद बडे लोगों से ज़्यादा वहां छूटे मासुम बच्चों को लेकर दिल को तकलीफ़ होती है. वतन से परदेस चले आए काबुली को प्यारी मिनी में अपनी बिटिया अमीना का चेहरा  नज़र आता था. मिनी को देख अमीना की याद आती थी.

विघटन पहले मज़हब से नहीं जोड़े जाते थे
दुनिया की खराबियों से अलग काबुलीवाला एक ज़िम्मेदार ज़िंदगी गुज़ारनेवाला  ख़ानाबदॊश फेरीवाला था। वतन से दूर एक दूसरे  वतन हिन्दुस्तान को अपना वतन बना लेता है। बोली व काम में खरा काबुली गलत कामों से सख्त परहेज़ करने वाला  चरित्र था। उस समय की फिल्मों का मुसलमान पात्र आतंकी या सरगना गतिविधियों में संलिप्त नहीं  हुआ करता था। पोजिटिव बातों वाले  किरदार समाज में परस्पर विश्वास बरक़रार रखा करते थे. इस वजह से हीरो अक्सर पाप का अंत करने वाले मसीहा के किरदार में नज़र आए. विघटन की ताकतों को जाति अथवा मज़हब  से नकारात्मकरूप  से जोडने का काम नहीं था। वो अत्यंत  हिंसक  व स्वार्थ का देवता नही होता था. खलनायक का हृदय परिवर्तन भी  रखा जाता था. समाज को जोड़ने  वाली कथाओं  को लोग पसंद भी ज्यादा  करते.

परदेस का दर्द भी अपना सा लगे
गुरुदेव रवीन्द्रनाथ की यह कहानी मानचित्र की दूरियों को पाटने में कामयाब थी। एक दूसरे को लेकर नकारात्मक पूर्वाग्रहों  को ध्वस्त करने का काम भी किया था. काबुलीवाला सरीखा पात्र लेखक को हिन्दुस्तान में कहीं जरूर मिल जाता…लेकिन अफगानिस्तान के काबुल जाना लेखक की दूरदर्शिता व नयी सोंच को इंगित करता है। यह मिनी व काबुलीवाले के साथ हिन्दुस्तान-अफगानिस्तान  या यूं कह लें कि  वतन एवम  परदेस  को जोडने की भी कहानी थी। प्रेम एवम दुआओं की डोर सरहद को धूमिल कर आदमी को आदमी के क़रीब ले आती हैं. मिनी एवम उसके घर वालों  से काबुली का महज व्यापारी  नाता नहीँ था,बल्कि परिवार का रिश्ता था.जिस बच्ची का बचपन काबुली को  आंखो से प्यारा रहा..बरसो बाद उसे सुखी जीवन की दुआएं भी देने आया, जिस तरह अपनी अमीना को दिया होगा.

 
काबुली को हिन्दुस्तान में अपने परिवार की तरह एक परिवार मिल गया…मिनी की शक्ल में अमीना मिली। प्यारा सा रिश्ता वक्त के इम्तेहान को पार कर गया…जेल से रिहा होकर काबुली मिनी व उसके परिवार के पास जाता है। बरसों बाद भी उसे वही डोर वहां खीच लाती है। कहने को काबुली मिनी का सगा बाप नहीं था… लेकिन उसमें मिनी से कुछ वैसा ही रिश्ता नजर आया। काबुली (बलराज साहनी) अपनी बिटिया अमीना (बेबी फरीदा) के साथ काबुल में रहता है । वह तिजारत से घर चलाता है। लेकिन आर्थिक हालात दुरूस्त नहीं, जमीन और मकान हांथ से फिसल कर दूसरों की जागीर हो गए हैं । कर्ज के बोझ से निजात पाना फिलवक्त बहुत जरूरी हो गया है। क्योंकि कर्ज वक्त पर अदा ना होने से जमीन व मकान देनदारों के पास चले गए हैं। हालात को देखते हुए खान तिजारत के लिए हिन्दुस्तान जाने का मन बनाता है। परदेश में अपने वतन से बेहतर अवसर हैं, वहां आमदनी ज्यादा है। अमीना भी अब्बा के साथ जाने की जिद कर रही है। लेकिन खानाबदोश  इस सफर पर वह बच्चे को साथ  ना ले जाने के लिए मजबूर है.ज़िम्मेदारी का भी उसूल है कि बड़े अपने बच्चों को वक्त की ठोकरो से महफूज़ रखे.जल्द ही वापस लौटने के वायदे के साथ वह परदेश रवाना हो जाता है। अमीना को बुआ के जिम्मे कर वतन छोडकर चला आया। यहां तिजारत के लिए ऊनी कपडे और मेवे लेकर आया है।यहां वह रोजगार में लगा है ।
हिन्दुस्तान के शहर (कलकत्ता) को रोजगार का ठिकाना बनाए हुए है। इसी शहर में उसकी मुलाकात कहानी के अन्य पात्रों से होती है। सुत्रधार मिनी के पिता, मिनी की मां तथा भोला कथा को आधार दे रहे हैं । इस संवेदनशील पटकथा (विशराम बेडेकर व एस खलील) को पूर्णता प्रदान करने के लिए बेहतरीन गीतों को जगह दी गई। मिनी में काबुली अपनी बिटिया अमीना का अक्स देखता था। मिनी से उसका नाता रवीन्द्रनाथ टैगोर की लिखी कथा मे भी मुख्य आकर्षण था, फिल्म रूपांतरण में भी उसे कायम रखा गया । निर्देशक हेमेन गुप्ता व गुलजार (मुख्य सहायक) विमल राय (निर्माता) की उम्मीदों पर खरे उतरे थे । दर्शकों से भी सराहना मिली. अब्दुल जब कभी फेरी लगाता हुआ इस ओर आता मिनी ‘काबुलीवाला,काबुलीवाला’ पुकारती बाहर की ओर दौड पडती। मिनी को अपनी बिटिया मानने लगा था,बादाम-किसमिस-मेवे दिया करता । पांच साल की मिनी व चालीस बरस के काबुली की दोस्ती हर दिन के साथ ममत्व व स्नेह की मर्मस्पर्शी मिसाल बन गई । काबुली के प्रति मिनी की अभिलाषा भी देखने लायक थी। कथा के एक प्रसंग में काबुली के ना आने पर वह उसे मिठाई देने बाहर निकल जाती है । काबुली से मिलने बाहर निकली मिनी शहर की अनजान राहों में भटक कर गुम हो गई । घर के लोग मिनी के अचानक गुम हो जाने पर बेहद परेशान हैं ।

अए मेरे बिछड़े चमन तुझ पे दिल कुर्बान
बाबूजी व भोला उसकी तालाश में इधर-उधर भटक रहे हैं। वाकये के बारे में जानकर काबुली भी बच्ची का पता लगाने दूर तक निकल जाता है । मिनी उसे एक कंपाऊंड के रैन-बसेरा के पास बेखबर पडी मिली। उधर भोला (असित सेन) भी बच्ची को ढूंढते हुए उस ओर आया। मिनी को काबुली के कब्जे में देखकर उसे ही अपहरणकर्त्ता मानकर शोर करके आस-पास के लोगों को इकटठा कर लेता है । बच्ची को अगवा करने के आरोप में भीड अपना आपा खो ‘मसीहा’ को पीटने लगी। वहां पहुंचे मिनी के पिता बीच-बचाव को आए, लेकिन अब तक भीड ने काबुली को पीट कर घायल कर दिया था। काबुली का पक्ष जानकर मिनी के पिता भोला की करतूत पर बहुत लज्जित हैं । मायूस दिल लेकर काबुली वहां से चला जाता है। इधर बरसात से भींग कर मिनी को तेज बुखार आ जाता है। मिनी की तबीयत को लेकर वह अपने परवरदिगार से दुआ करता है । जिस रात बच्ची को तेज बुखार था,उसके ठीक हो जाने तक वहीं मिनी के अहाते में रूक कर रात भर इबादत करता रहा। मौला के दरबार में दुआएं कबूल होने साथ मिनी के हालत में सुधार हुआ। एक बार फिर से बच्ची को हंसता मुस्कुराता देखने बाद ही इस बंदानवाज़ को तसल्ली हुई। इस पूरे घटनाक्रम ने बता दिया कि काबुली मिनी में अपनी बिटिया ‘अमीना’ की छाया देखा करता था। उसके दिल में आज जज्बात का समुद्र सा है,पीछे छूटे वतन को स्मरण करते हुए उसका दर्द कुछ यूं बयान हुआ ‘अए मेरे प्यारे वतन,अए मेरे बिछडे चमन तुझ पे दिल कुर्बान। रुपांतरित कथा में इस रचनात्मक मोड के लिए फिल्म की प्रशंसा करने का मन होगा।

   
‘ससुर को मारता,पर क्या करूं ,हाथ बंधे हुए हैं’
अपने वतन को लौटने की इच्छा काबुली में बलवती हो चली है, जगह-जगह घूम कर माल पर बकाया रकम को पाने जा रहा है। इसी क्रम में वह रामभरोसे से उधार माल लेकर उसे पहचानने से मुकर गया। उसने रामपुरी चादरें खरीदने में बेईमानी की थी ,चादर खरीद कर रूपए देने से पलट गया । एक आदर्शवादी पठान भरोसे का कत्ल सहन न कर सका। दोनों में बात बढ गई। क्रोध में रामभरोसे पर छुरा चला दिया,जिससे वह मारा गया। हत्या के इल्जाम में पुलिस काबुली को हिरासत में ले जाती है। मुहल्ले की जिन गलियों में बेखौफ फेरी लगाया करता था,मुजरिम की शक्ल में जा रहा है । इतने में ‘काबुलीवाला, ओ काबुलीवाला’ पुकारती हुई मिनी घर से निकल आई । अब्दुल का चेहरा पल भर के लिए खुशी से झूम उठा। उसके कांधे पर आज मेवों की झोली नहीं थी। उसे इस हालत में देखकर मिनी बरबस पूछ बैठी ‘ससुराल जाओगे? सर आन पड़ी मुश्किल घड़ी पर  पर्दा डालकर उसने मुस्कुराते हुए कहा, ‘हां वहीं तो जा रहा हूं’ । काबुली समझ गया कि उसका यह जवाब मिनी के मुखडे पर खुशी ला नहीं सका था । तब उसने बंधे हुए हांथ दिखाकर कहा ‘ससुर को मारता,पर क्या करूं ,हांथ बंधे हुए हैं’ । छूरा चलाने के जुर्म में ‘काबुलीवाले’ को लम्बी सजा होगी।

  
सत्यता  व ईमानदारी देखकर वकील ने पीटा माथा 
 बचाव पक्ष के लोग काबुली के लिए वकील करते हैं, वकील उनसे अदालत में रटा-रटाया बयान देने को कहता है। ऐसा करने पर उसे क़ैद से बचाया जा सकता था । लेकिन अदालत में घटनाक्रम को हू-ब-हू कह दिया काबुली ने। उसकी सादगी, सत्यता  व ईमानदारी देखकर बचाव का वकील माथा पीट लेता है । आज की दुनिया में खुद को ज्यादा ईमानदार  व सच्चा बता  कर मुसीबत मोल  नहीँ ली जाती.काबुली की सच्चाई को देखत हुए सुनवाई में उसे दस बरस की ही सजा मिली । बहरहाल क़ैद हो जाने से बिछ्डे रिश्तों के पास जाने की उत्कट इच्छा दिल में ही रह गई। अब अमीना व मिनी बिटिया के पास जेल से रिहा होने बाद ही जा सकता था । यह पूरी घटना कथा में नाटकीय मोड लाती है । उजाले दिनों के इंतजार में काबुली अंधेरों के दौर से गुजर रहा था।

 
मिनी ने अमीना के लिए दिए तोहफ़े
रिहा होने बाद पुराने लोगों ढूंढते हुए वह कलकत्ता के उसी मुहल्ले में पहुंचा,जहां कभी मिनी का घर हुआ करता था। वहीं  जहां  कभी  वो फेरी लगाने  अक्सर जाया करता था. उधर से गुजरते हुए उस घर पर उसकी नजर ठहर गई । आज यहां चहल-पहल का माहौल है,वह दरवाजे के पास चला आया, जहां बावूजी इंतजाम में लगे हुए हैं। बदले हुए हुलीए के कारण उसे एकदम पहचान पाना थोडा मुश्किल था,पर समझ आ गया कि यह आदमी वही ‘खान’ है। काबुली मिनी को देखने की इच्छा प्रकट करता है, जिस पर बावूजी यह कहते हुए ‘आज नहीं! बहुत काम है। बाद में आना’ उसे जाने को कह देते हैं, लेकिन अगले ही पल उन्हें काबुली के बुझे दिल का ख्याल हुआ। बाहर आने के लिए मिनी को आवाज देते हैं। उसकी आंखों में मिनी की वात्सल्य छाया अब भी शेष थी,जैसे आज भी उसी बच्ची को देखना चाहता था । आज भी 'काबुलीवाले...काबुलीवाले' पुकारते हुए मिनी दौड़ी बाहर आएगी. सयानी मिनी का आज उसका ब्याह  होने वाला है, काबुलीवाला ने उसे खुशहाली की दुआएं दी । बावूजी काबुली (खान) को अपने वतन काबुल भेजने के लिए रूपए का इंतजाम करते हैं।  मिनी के विवाह के मद से रूपए निकाल कर उसे देने का निर्णय लिया था। मिनी बावूजी के इस कदम से बहुत संतुष्ट है, वह कहती है ‘इस रूपए से चाचा अपनी बिटिया के पास लौट सकें, मेरे लिए इससे बडा आशीर्वाद क्या होगा? रूपए के साथ सौगात के रूप में वह बहन अमीना के लिए एक तोहफा भी देती है । पहले तो अब्दुल यह सब लेने को राजी नहीं था। लेकिन ‘प्यार में एहसान नहीं होता,प्यार में सिर्फ प्यार होता है। यह एक पिता का दूसरे पिता के लिए प्यार है’ कहते हुए बावूजी उसे सहायता स्वीकार करने को कहते हैं । खुशी के आंसुओं में काबुलीवाला अपने वतन काबुल रवाना हो जाता है। यात्रा के  सांकेतिक दृश्य के पार्श्व में ‘अए मेरे प्यारे वतन, अए मेरे बिछडे चमन’ की पंक्तियों में फिल्म का मार्मिक समापन हुआ ।

 -----
(रचनाकार-परिचय:
जन्म : 2 अक्टूबर 1983 को पटना (बिहार) में
शिक्षा : जामिया मिल्लिया इस्लामिया से उच्च शिक्षा
सृजन : सिनेमा पर अनेक लेख . फ़िल्म समीक्षाएं
संप्रति :  सिनेमा व संस्कृति विशेषकर हिंदी फिल्मों पर लेखन।
संपर्क : passion4pearl@gmail.com )

सैयद एस. तौहीद को  हमज़बान पर पढ़ें
read more...

सोमवार, 6 अप्रैल 2015

अल्लाह क़सम ! अब तो सबसे बोलेंगे

नई पौध के तहत 5 कविताएं






 










नाज़िश अंसारी की क़लम से

आम आदमी की आम सी कविता

आंखें छत से बतियाती हैं देर तक
बनाती हैं स्केचेज़
कच्चे पक्के से
झूठे सच्चे से

किसी स्केच में तुम
सिमटे हो नींद की गोद में
और मैं सिरहाने सिर टिकाकर
देखती हूं तुम्हें एकटक
कभी उसी मासूमियत पर
टपक जाती है थोडी गीली हरारत
तुम्हारे गालों पर
कभी मेरे बचपने में चढ़ जाती एक कहानी
शुरुआत  में ही जिसकी
मर जाते 'राजा-रानी '

उफ्फ्फफ़ ... ये ख़्वाब भी ना !
अपनी औक़ात नहीं देखते
ये नहीं समझते
आम सी ज़िंदगी में ख़्वाब की जगह नहीं होती
काव्य की जगह नहीं होती
स्केचेज़ में रंग भर नहीं पाते
दरअसल वे बन ही नहीं पाते
घड़ी की ठकाठक
हथौङे सी लगती है उस वक़्त
याद दिलाती है डेली रूटीन
जिसमें राशन है, ईंधन है
टिफिन, ब्रेकफास्ट, लंच है
बीमा पालिसी, बैंक, लोन
अम्मा बाऊ जीकी दवाओ का वक़्त है
सत्तर तरीक़े के बिल
पचहत्तर तरीक़े की ज़रूरतें
और बैलेंस निल है

यही सच आम सी ज़िंदगी का
ढीठ सा
कर्कश सा
और कर्कश हैं खर्राटे भी तुम्हारे
बिखरा देते हैं रंग सारे
आंखें फ़िर भी बनाती हैं स्केचेज़
कच्चे पक्के से
झूठे सच्चे से

आम लोगों की आंखें ज़िद्दी होती हैं
दिल कमबख़्त
और ज़िंदगी बेहया
क्या कीजियेगा ! !
___________________

सौतन चुप्पी

इससे पहले कि
फ़र्श पर रेंगता सन्नाटा
डंक मार दे आंखों में हमारी
हम सच में हो जाएं पत्थर के
काल्पनिक कहानियों की तरह
और ये डायन बेरहम ख़ामोशी
कतर डाले महीन-महीन
हमारे बीच का रेशम
और खुल जाए
हर सीवन हर बखिया
उस लफ़्ज़ की
जिसे हम दोनों ने
एक ही वक़्त में दोहराया था
तीन दफ़ा...

बस भी करो
मुस्कुरा दो ना ज़रा !

कि जान छूटे इस सौतन चुप्पी से !!
______________

तीसरी आंख

तुमने बांट लिये थे सपने
अपनी दोनों काली पुतलियों  में
एक बडे भाई के नाम किया
एक पे छोटे का हक़ था
मैं कहीं नहीं थी...कहीं भी नहीं
क्युंकि तुम्हें "तीसरी आंख" नहीं थी
फ़िर भी जाने
किस आंख से देखते रहे तुम
उम्र से आगे
वक़्त से पहले
बढता हुआ मेरा बेढब शरीर

और फ़िर थकने लगी
तुम्हारी ज़िम्मेदार पीठ
मेरे स्त्रीलिंग के बोझ से
रोज़ टांगने  लगे नींद तुम
ज़ीरो वाट के मुर्दा उजाले में
वो जलता रहा...
तुम्हारी आंखें टहलती रहीं
तलाशती रहीं कुछ
"शरीफ़", "इज़ज़तदार", "ख़ानदानी " सा कुछ

तुम घर के बाहर थे
फलाने श्री कभी ढमाके जी
तुम हमेशा घर के बाहर थे
कभी घर के भीतर देखते
मेरे भीतर देखते..

कभी पूछते तो बताती
अब नहीं है ज़रूरत
फ़िर से तुम्हारे शुक्राणुओं को
गर्भ जैसी कोठरी की
उग आये हैं उनके हाथ-पांव
उग आया है उनसे बेढंगा शरीर
और अधपके विचार भी
तुम पूछते तो बताती
तुम्हारी उंगलियों के बाद
मैं नहीं चाहती कोई हथेली
जो रौंदती रहे मेरे सपने
अन्धेरे किसी कमरे में
मैं नहीं चाहती
संरक्षण के भुलावे में  मिला बंधन
जहां बेडियों के नाम पर हो पाजेब
हथकडियों की तरह कंगन

देखते तो दिख जाता तुम्हें
बिना दो नंबर चश्मे के भी कि
मैं मिटा देना चाहती हूं सारी थकान
तुम्हारी अकडी पीठ की
और उठा लेना चाहती हूं
अपने शरीर का बोझ..
तुम्हारी सारी ज़िम्मेदारिया..
सारी चिंताएं..
अपने पैरों पर

कभी तो मेरे भीतर देखते
ज़रा सी फ़ुर्सत निकालकर
"सामाजिक प्राणी" की तरह नहीं
खालिस पिता बनकर
ज़रा सी मां बनकर....
___________________________

मेरा गला दबा दो मां !

एक मध्यवर्गीय परिवार
जहां आमदनी या हैसियत से नहीं
सपने तय होते हैं
कुछ फटी-पुरानी परंपराओं से
कुछ चलताऊ पूर्वधारणाओं से
और फ़िर बंट जाते हैं लिंगों में
दो आंखों की दो पुतलियों में

तुम्हारी पुतली के एक कोने में
मेरा भी हिस्सा होगा
बंट गया होगा वो भी मगर
किसी " सुशील वर"  के नाम पर

मैं जानती हूं मुझे जाना है
जीना है उस वर के साथ
मुसकुराना है और मुस्कुराते ही रहना है
ताकि तुम मेरी मौन आंखों में
उसी "वर" को सुशील पा सको
और सो सको रात में सुख से.. चिंता रहित...

यहाँ मेरे जिस्म के रेशे भी उधड़ते रहें
और बिखरते रहें फर्श पर
कुछ पागल सपनें ...
कुछ लुच्चे अरमान...
कुछ लफ़ंगी ख्वाहिशे...
और डसा जाता रहे शरीर मेरा
रात भर..
मैं मान लूं दिल कुछ नहीं
एक पम्प के सिवाय
बंद कर लूं आंखें और
सी लूं अपने होंठ
कि तेज़ दर्द में भी नीले शरीर को
हरकत की इजाज़त नहीं

याद आ रही है तुम्हारी सांत्वना
जिसमे एक राजकुमार है
और मैं एक फूल...
याद आ रहा है तुम्हारी कमर का दर्द
तुम्हारी बढी हुई शुगर
याद आ रहा है रंग
बैंक की पासबुक का
पिता के माथे की शिकन
और करवट बदलती पीठ
सब याद आ रहा है सिवाय उस दवा के नाम के
जिससे नींद आती है

इससे पहले कि
बेसाख़्ता एक चीख़ से
खुल जाएं सीवन मेरे होंठ के
अपनी आवाज़ का हाथ पकड़ा  दो ना !
कि आज़ाद हो जाऊँ मैं
अन्धेरे कमरे की धीमी रोशनी से
धीमी रोशनी के काले दलदल से
जिस महल में तुम चुन गई हो मुझे
उसे तुड़वा दो ना !
तुम निभाओ आदर्श पत्नी का धर्म
सीती रहो फटी परंपरा
उससे पहले मगर

"मेरा गला दबा दो मां !! "
___________________________

अल्लाह क़सम ! हम नहीं कहेंगे किसी

अल्लाह क़सम
हम नहीं कहेंगे
नहीं कहेंगे किसी से

कितनी चालाकी से नोच लिये थे आपने
हमारी पानी वाली आंखों से
डूबते-उतराते उजले सतरंगी सपने
फ़िर कितने मीठे तरीक़ों से
कुरेद कर खुरचा उन्हें
उन्हीं पारम्परिक सामाजिक नाखूनो से

आपने काट दीये थे हमारे डैने
"मुझे चांद चाहिये" कहने से पहले
हमने देखना चाहा आकाश
आपने दिखा दी मंडराती हुई चीलें
फ़िर घुसेड दिया
घर के भीतर वाले सबसे अंधेरे कमरे में
जो सङांध मारती आज़ादी की क़ब्र पे खड़ा था

हम नहीं कहेंगे किसी से
कब कितनी
रिश्तेदारी की झक्क सफ़ेद पोशाकों में
विशालकाय मर्दानी आकृतियाँ
कमरे में आती रही
हमें पुचकारती रहीं
यहां-वहां सहलाती रहीं

हम नहीं बताएंगे किसी को
कि चौराहे का पान वाला
और चाय वाला भी
रोज़ आंखों से चुन्नी सरकाकर
झांक लेता है भीतर तलक
और नाप लेता है मन ही मन
जिस्म की हर उठान गिरान

हम नहीं पूछेंगे किसी से
खुदा से भी नहीं
शुचिता की सब परिभाषाएं
पवित्रता के सारे प्रमाण पत्र
सिर्फ हमारे ही शरीर पर आकर क्यों रुके रहें
क्यों हमारे विचार कूडे की तरह dustbin में फेंके गये
और जिस्मों की सब गुलाबी मुलामियत
और मासूमियत
क्यों अंधेरे नीले कमरो में बेचे गये

मगर हम नहीं पूछेंगे किसी से
नहीं कहेंगे किसी से
कि यहां बोलने पर तेज़ाब है
सर उठाचलने पर बलात्कार

फ़िर भी हमारी हिम्मत (बेशर्मी ?) देखिये
जियेंगे हम सौ-सौ बार
और जिला ले जाएंगे अपने बेहया सपने
पूरे सम्मान के साथ पूरा करके उन्हें
दे देंगे सारा श्रेय आपको
___________________________


(रचनाकार-परिचय :

जन्म: पहली जून 1987 को अवध में
शिक्षा: लाल बहादुर शास्त्री कॉलेज, गोंडा से मनोविज्ञान में स्नातकोत्तर
सृजन :  कुछ पोर्टल पर कविताएं और लेख
संप्रति : लखनऊ में रहकर स्वतंत्र लेखन
संपर्क :  nazish.ansari2011@gmail.com )




read more...

गुरुवार, 2 अप्रैल 2015

गुज़रे दिनों को याद करते हुए


संग्रह उर्फ़ इतिहास से चार कविताएं
















शहरोज़  



पापा मैं बेटा हो गई हूं



(दाया के लिए)



बहादुरगढ़ मेले से

तुम्हारी लाई मेरी चॉकलेटी क़मीज़

उसी पुराने बक्से में रक्खी है

हर दीवाली, दशहरे पर

उसे बदन में अटाने की कोशिश करती हूं

पापा ! अब मैं बड़ी हो गई हूं
लेकिन क़मीज़ की छूअन पूरे जिस्म में
तुम्हारी गर्माहट को पुनर्जीवित कर देती है।




तुम सब कुछ तो ले गए

लेकिन ईमानदारी, साहस और सच्चाई

इस अमानवीय होते समय में भी

तुम्हारी ये अनमोल धरोहर

अब भी हमारी सहचर हैं।



तुम्हारी ही तरह हर साल-छह महीने बाद

स्वाभिमान गलियों में भटकाता है

रोज़ बसों और दफ़्तरों की लपलपाती जिव्हाएं

सभ्यताओं पर तमांचा जड़ जाती हैं।



अम्मा और छोटू को गांव छोड़ आई हूं
छोटू ने आठवीं पास कर लिया है, अच्छा लगा न!
और मैं दिल्ली में हूं पापा
और बेटा हो गई हूं
तुम यही चाहते थे न!




प्रसंग बनाम संबंध उर्फ़ इतिहास



दूर देस से आया परिंदा

रोज़ दाने चुगता और हम चुगाते रहे

अचानक हमारे ही पत्थर से हुआ ज़ख़्मी

वह छटपटाता, फड़फड़ाता रहा।



सुबह से दूसरी सुबह तक

हम बढ़ते रहे अनजान

पास, पड़ोस की चीत्कारों और राग-विरागों

को तजते, रखते रहे पग डग-डग।



बच्चों के घरौंदों का टूअना आप जानते हैं

हम भी ख़्यालों में घर बनाते रहे

और रोज़-रोज़ उसका टूटना देखते रहे।



हंसते-बतियाते

यकबयक हो गए हम चुप्प

स्टेशन आते ही, बिना पता पूछे उतर गए

पीछे मुड़कर भी नहीं देखा

बमुश्किल एक मुस्कान हवा में उछाली

और बढ़ गए कि फिर मिलेंगे।



दिशाएं सब कांप रही हैं

मेज़ों, कुर्सियों पर श्मसान पसरा है।

पूछताछ पर अघोषित प्रतिबंध है।



कंकड़ को ख़ुद ही निबटना है
पहाड़-पहाड़ वृततियों से।


खड्गसिंह



बस्स धुन में चढ़ते जाना

पहाड़ों और पेड़ों पर

इससे बिल्कुल अनजान कि

वहां कांटे और ज़हरीले जीव भी हैं।

बचपन की आदतें कहीं छूटती भी हैं।


हम सब कुछ भला-भला सा

समझने के आदी जो ठहरे

जानती तो थी कि वह कई अस्तबलों में जाता है

अब उबकाई आती है कहते कि

वह बिल्कुल पिता की तरह था

हर संकट में साथ देने को तत्पर

उसकी डांट भी कभी बुरी नहीं लगी।



सुल्तान पर उसकी दृष्टि तो थी

पर मैंने सदैव उसे वात्सल्य समझा

उस शाम जरूरी निर्देश समझाते-समझाते

उसके हाथ पीठ पर रेंगे

तो उसकी कुटिल मुस्कान की हिंसा

मेरी आंखों से काफ़ी दूर थी कि

अचानक उसकी पकड़ मज़बूत हो गई
सुल्तान को मुझसे ज़बरदस्ती झपटने के
प्रतिकार में मैं बुक्का मार दहाड़ी।



वह आज का खड्गसिंह है, मां

देर तक मुझे समझाता रहा

और नए-नए प्रलोभनों की साजिशें बुनता रहा।



मां, लोग मुझे सहनशील कहते हैं

उन्हें पता है इसमें छुपी यातनाओं का।



मदद को बढ़ा हर हाथ अब सर्प-सा लहराता है

अपनत्व से निहारतीं निगाहें चिंगारियां उगलती हैं।



हे प्रभु ! मुझे क्षमा करना

मैंने सभी संपर्क ख़त्म कर लिए हैं

पर, मां हर कोई खड्गसिंह तो नहीं होता।



मुझे गर्भ में छुपा लो मां

बहुत-बहुत डर लगता है!



अपना-अपना चांद



गर पेड़ होते तो हवा और

सूरज से पेट भर लेते

कंप्यूटर होते तो सब कुछ

सिलसिलेवार करते जाते क़ैद

रात के गहराने के साथ-साथ।



इक मन ही तो है जो

सुनता है अपनी और दूसरों की भी।

कहने की जागीर

वर्जनाओं, संस्कारों और

महत्वकांक्षाओं के पास है।



जो तुम लिखते हो

जो मुझसे पढ़ा जाता है

या जो ख़ुद से सुना जाता है

कितने मानीख़ेज़ और ख़ूबसूरत हैं

ये अल्फ़ाज़।

नामी और बदनामी की डोर थामे

सरपट भागते जा रहे हैं हम

अपने-अपने चांद के लिए।




































read more...

बुधवार, 1 अप्रैल 2015

सिरफुटौव्वल आपको मुबारक

ईमानदारी रखें बरक़रार आप 

कहां गए वे दिन।  फोटो : रायटर (गूगल महाराज का सौजन्य )








भवप्रीतानंद की क़लम से
कुछ विद्वान लोग जब आपस में ऐसे लड़ते हैं कि बच्चों की लड़ाई फीकी लगने लगे, तो सिर्फ और सिर्फ यही कहने का मन करता है कि आप लड़े, नो प्राब्लम। पर दिल्ली की जनता ने जिस ध्येय से आपको ऐतिहासिक जनमत विधानसभा में दिया है उसका सम्मान कीजिए। अभी के झिझिर कोना, झिझिर कोना, कोन कोना, के खेल में उस ईमानदारी को मत तिरोहित होने दीजिए जिसके लिए अरविंद केजरीवाल  आपको ६७ सीटें दी गई हैं।
जो वर्चस्व की लड़ाई आम आदमी पार्टी में जारी है उसमें सबके के निजी हित जुड़े हुए हैं। बिना किसी लाग लपेट के कहा जाए तो अभी आम आदमी पार्टी के असली हीरो अरविंद केजरीवाल ही हैं। उन्हीं को दिल्ली की जनता ने वोट दिया है। तमाम भीतरी विरोधियों की साजिश के बाद भी, जिसका उन्होंने २८ मार्च को पार्टी की हंगामेदार सभा में जिक्र किया था, दिल्ली की जनता ने उन्हें हीरो बनाया था। इस बहुमत को देखकर उनके मुंह से भी निकला था अरे बाप रे बाप। अभी यह देखना उतना अहम नहीं है कि अरविंद केजरीवाल सत्ता लोलुप हैं कि नहीं, देखना यह जरूरी है कि जो लेटर बम, जो स्ंिटग, जो नितांत निजी एसएमएस को मीडिया के सामने रख रहे हैं उनकी मंशा क्या है। अरविंद केजरीवाल की महात्वाकांक्षा को जानना इसलिए  गौण विषय-वस्तु की श्रेणी में आता है कि उन्हें तो जनता ने हीरो बनाया है। जनता अपने हीरो को जहां बिठाना चाहती थी बिठा दिया। इसके लिए  उन्हें पांच  वर्ष का समय भी दिया है। आज अगर अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री का पद छोड़कर पार्टी के किसी दूसरे नेता को यह जिम्मेदारी दे देते हैं तो उनकी छवि पार्टी में तो निखर जाएगी पर जनता इस स्टेप को कितना पचा पाएगी यह कहना मुश्किल है।

गौर करें तो पार्टी अभी अनकमांड की स्थिति में है। इसमें डेकोरम का घोर अभाव है। इसमें जितने भी उच्च पदों पर लोग हैं वह सुबह उठते ही मीडिया की माइक चाहते हैं और सोने से पहले मीडिया को ब्रीफ कर सोना चाहते हैं। योगेंद्र यादव या फिर प्रशांत भूषण या फिर और और महानुभाव को जो पद आम आदमी पार्टी में दिया गया था, उसके साथ उन्होंने कभी न्याय नहीं किया। उन्हें कोई सूचना मिलती तो वह पार्टी के भीतर बहस के बजाय मीडिया को बताना उचित समझते हैं। मीडिया से ही दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जी को पता लगत पाता है कि पार्टी में कितना कुछ घट चुका है। अपने यहां, खासकर इलेक्ट्रॉनिक मीडिया उस टीनएज के दौर से गुजर रही है जहां वह अपवाह और हकीकत में फर्क नहीं कर पाती है। अपवाह को भी हकीकत की श्रेणी में लेकर शाम सात से लेकर नौ तक सभी चैनल विद्वानों के कोलाहलों से त्रस्त रहते हंै। और आप के स्वनामधन्य नेतागणों की मीडिया को लेकर लार टपकाने वाली प्रवृति अभी कम नहीं हुई है। इसका कारण एक यह भी हो सकता है कि इसमें कई विद्वान ऐसे हैं जो वर्षों वर्ष तक मीडिया में लिखते-दिखते रहे हैं। उन्हें लगता है कि पार्टी की जरूरी सूचना पार्टी के अंदर देने के बजाय पहले  मीडिया को पकड़ा दिया जाए। फिर हो हल्ला शुरू। मार्च का करीब आधा पखवाड़ा आम आदमी पार्टी के मूर्खताभरे बयानों से त्रस्त रहा है। उन्होंने ऐसा कहा, तो फलाने ने वैसा किया।

पार्टी के मुखिया होने के नाते केजरीवाल को इन सब चीजों पर कड़ाई से स्टेप उठाने के दिन आ गए है। अगर वह ऐसा नहीं कर पाते हैं तो चीजें उनके हाथ से निकल जाएंगी। हालांकि उन्होंने २९ मार्च को आपात बैठक बुलाकर  अनुशासन समिति और लोकपाल कमेटी को लगभग पूरी तरह से बदल दिया है। पर ध्यान इसपर भी देना चाहिए कि जिन्हें यह जिम्मेदारी दी गई है वह पार्टी के दायित्वों और मीडिया ब्रीफ के तकनीकी पक्ष से पूरी तरह से वाकिफ हों। दूसरे शब्दों  में कहा जाए तो उनमें वह स्वनामधन्यता नहीं हो जिसके कारण वे सूचनाओं को पार्टी प्रमुख तक पहुंचाने में अपना हेठी समझते हों।

इच्छा-महात्वाकांक्षा किसमें नहीं होती। जिसमें नहीं होता है वह रचनाहीन व्यक्ति होता है। राजनीति में आने से पहले अरविंद केजरीवाल एक दशक से अधिक समय तक आईआरएस थे। प्रशासनिक अधिकारी होने के नाते उन्होंने कोई उल्लेखनीय काम नहीं किया जिसका कि जिक्र यहां पर किया जाए। एक दूसरे आम प्रशासनिक ऑफिसर की तरह वह भी थे। पर जो बातें गौर करने लायक है वह है कि इस दौरान उन्होंने ऐसा भी कुछ नहीं किया जो उनपर कीचड़ उछले। उनकी ईमानदारी पर बट्टा लगे। पर उन्होंने एक बहादुरी भरा कदम तो उठाया ही। राजनीति में आने का। जन आंदोलन से जुडऩे का।  उसमें वह धीरे-धीरे सफल भी हुए और अपनी ऐसी पर्सनैलिटी बनाई कि कम-से-कम दिल्ली की जनता के तो दीवाने बन ही गए। साथ में एक सुचिता भरी राजनीति का वादा भी किया है जो अब तक तो  कायम है। आगे का नहीं जानता। सिरफुटौव्वल के खेल में भी अभी तक किसी ने यह नहीं कहा है कि आप के फलां नेता भ्रष्टाचार में लिप्त हैं। या फिर जनता के पैसा का बेजा इस्तेमाल कर रहे हैं।

आम आदमी के लिए अभी सबसे अहम यही हो सकता है कि वह लंबे  समय तक बयानबाजी करने वाली पार्टी नहीं बने। या सिर्फ बयानबाजी करने वाली पार्टी बनकर न रह जाए। मीडिया को लेकर अतिरिक्त आग्रह को कम करने की जरूरत है। पार्टी को ठोस रूप में यह बराबर बताते  रहना चाहिए कि दिल्ली की जनता से जो उन्होंने वादा किया था उसमें क्या-क्या पूरा हो गया है और किस पर काम चल रहा है। यह इसलिए भी जरूरी है कि लोगों तक सिर्फ एकतरफा संदेश नहीं जाना चाहिए।
एक पखवाड़े से जारी इस खेल का सबसे दुखद पहलू यह है कि पार्टी से मेधा पाटेकर ने नाता तोड़ लिया। मेधा पाटेकर ने गत  लोकसभा चुनाव लड़ा  था  और उन्होंने बहुत अच्छे मत प्राप्त किए थे। भारतीय राजनीति को अभी ऐसे-ऐसे प्रतिभावान लोगों की आवश्यकता है जिनके पास कुछ करने का विजन है। कुछ करने की ईमानदार कोशिश उनमें बची है। मेधा पाटेकर को थोड़ा धैय रखना चाहिए था। वर्चस्व की इस लड़ाई को चुपचाप देखते रहने देना चाहिए था। राजनीति में जो चीज मीडिया में खूब चर्चा का  विषय बनती है, इतिहास के कई प्रमाण गवाह हैं, वक्त के साथ उनके साथ कोई नहीं रहता है। ताजा प्रमाण बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी का है। इसलिए मेधा पाटेकर को धैर्य रखना चाहिए था। अरविंद केजरीवाल चाहें तो उन्हें मनाकर वापस ला सकते हैं। इसके लिए दरियादिली और बड़कपन दिखाने की जरूरत है। क्योंकि मेधा पाटेकर की कार्य क्षमता और उनकी दूर दृष्टि का इस्तेमाल व्यापक हित में किया जा सकता है।
शुरू-शुरू में केजरीवाल भी खूब मीडिया फ्रेंडली थे। दूसरी बार सत्ता में आने के बाद उन्हें समझ में आने लगा कि क्या कहना सही होगा और क्या कहने का संदेश गलत जाएगा। इसलिए दूसरी बार शपथ लेने के बाद उन्होंने मीडिया के बचकाने स्वरूप का जिक्र करते हुए चुटकी भी ली थी। आप को भी अपने बचकाने  स्वरूप की छवि को तोडऩा होगा। विद्वान और पढ़ेलिखे लोग राजनीति में जरूर आएं, यह समय-समाज की मांग है। पर राजनीति का जो शास्त्र होता है वह भी तरीके से ओढ़ें, यह नितांत जरूरी होता है।


(लेखक-परिचय:
जन्म: 3 जुलाई, 1973 को लखनऊ में
शिक्षा : पटना से स्नातक, पत्रकारिता व जनसंचार की पीजी उपाधि, दिल्ली विश्वविद्यालय से
सृजन : देश की प्रमुख पत्र-पत्रिकाओं में लेख एवं कहानियां
संप्रति: दैनिक भास्कर के रांची संस्करण के संपादकीय विभाग से संबद्ध
संपर्क : anandbhavpreet@gmail.com )

हमज़बान पर पढ़ें  भवप्रीतानंद को
read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)