बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलता। इससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलता। कई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.

रविवार, 22 मार्च 2015

सूफ़ियों के रंग में रँगे कैनवास


                                                                     



















मिल्लत एकेडमी,  रांची में आयोजित रंग-ए-सूफियाना में मस्त कलंदर 
की तरह थिरकती रहीं ख्यात चित्रकारों की कूचियां
चारो ओर फैलती प्रेम व सद्भाव की खुश्बू के बीच कोई मस्त कलंदर। उसके इर्द-गिर्द कहीं कबीर व तुका की ठेठ धुसरता, तो कहीं बुल्लेशाह और अमीर खुसरू की हरियाली खुशहाल। वहीं मनुष्य की विभिन्न रंगत की तरह इठलाते रंग-बिरंगे फूल। लेकिन लरियों की भांति सभी सूफीवादी जुनून में पिरोए हुए। चित्रकार विनोद रंजन ने अपने कैनवास पर इसी मंजर को एकलेरिक कलर से उकेरा। मौका था, मिल्लत एकेडमी, हिंदपीढ़ी में आयोजित "रंग-ए-सूफियाना'' नामक कार्यक्रम का। जिसमें वरिष्ठ चित्रकार दिनेश सिंह ने अंधेरे से उजाले की ओर के लिए सूफी व निर्गुण को माध्यम बनाया। उनकी पेंटिंग में हल्के रंगों का इस्तेमाल गंभीरता और रहस्यमयता को इंगित करता रहा। देश की गंगा-यमुनी संस्कृति परंपरा के नेक मकसद से "हम एक हैं'' नामक मुहिम 1993 को राजधानी में चलाई गई थी। उसी विरासत को आगे बढ़ाने के लिए 23 सालों बाद शहर के नामी चित्रकार स्कूली बच्चों के बीच मौजूद थे। दिन-भर सभी मजहब, बोली और काल से निरपेक्ष सूफी आध्यात्मिकता को अपनी कूचियों से सार्थक करते रहे।

बच्चों की चुहलों के बीच कबूतरों की मीठी कूक

बच्चों की चुहलों के बीच शर्मिला ठाकुर विश्व प्रेम को दो कबूतरों की मीठी कूक के दायरे में अंकित करती हुईं मिलीं। उनके रंगों में सौम्यता झिलमिलाती गई। रमानुज शेखर के चित्र में नीले और गेरुए रंग ने सूफियों की रहस्यात्मकता व आध्यात्मिकता की पहचान कराई। सपना दास इक नूर से सब उपजाया के प्रकाश में आनंदित तीन सूफियों के अंकन में तल्लीन रहीं, तो आंगन की चटख धूप में शिल्पी रमानी सारंगी की धुन में एक-दूसरे में मग्न दो आकृतियों को रंगाकार करने में व्यस्त।

प्रेम, प्रकाश और आध्यात्मिक परिवेश

पास ही वरिष्ठ चित्रकार हरेन ठाकुर बंगाल के बाउल के बहाने सूफीवाद और दिव्य प्रेम को चित्रित करते रहे। नेपाली राइस पेपर से उन्होंने कैनवास पर बरगद ही उगा दिया। अमिताभ मुखर्जी के चित्र में प्रेम, प्रकाश और आध्यात्मिक परिवेश का क्लासिकल रंग उभरा। विश्वनाथ चक्रवर्ती ने एक सूफी के मूड को अत्यंत कलात्मक और सजीव ढंग से उकेरा। प्रवीण कर्मकार के चित्र में अभिव्यक्त होती दिव्य आध्यात्मिक प्रेम की आभा सहज ही अपनी ओर आकृष्ट करती रही।

सूफी रंग पर 4 को चढ़ेगा निर्गुण राग

स्कूल के डायरेक्टर हुसैन कच्छी ने बताया कि इसी कड़ी में अगला आयोजन चार अप्रैल को गांधी प्रतिमा, मोरहाबादी के पास होगा। जहां इन चित्रों की प्रदर्शनी होगी, साथ ही लोक गायिका चंदन तिवारी का निर्गुण गायन होगा। मौके पर राज्य अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष गुलफाम मुजीबी, दूरदर्शन के निदेशक शैलेश पंडित, मधुकर, एमजेड खान, अनवर सुहैल, सुहैल सईद, रोमा राय, सबीहा बानो, आमरीन हसन, सुल्ताना परवीन, सरोश तनवीर, अशरफ हुसैन, शालिनी साबू , ओपी वर्णवाल व नदीम खान आदि मौजूद रहे।













read more...

बुधवार, 18 मार्च 2015

कृषिप्रधान देश फ़िलहाल किसानों का क़ब्रगाह बना रहेगा !




   










कृष्णकांत की क़लम से 

सरकार ने 13 मार्च को संसद में जानकारी दी कि महाराष्ट्र के औरंगाबाद डिवीजन में 2015 के शुरुआती 58 दिनों के भीतर 135 किसानों ने आत्महत्या कर ली. कृषि राज्यमंत्री मोहनभाई कुंडारिया ने बताया कि राष्ट्रीय अपराध रिकार्ड ब्यूरो के अनुसार 2012 और 2013 में क्रमश: 13,754 और 11,772 किसानों ने आत्महत्या की. भारत में ज्यादातर किसान कर्ज़, फसल की लागत बढ़ने, सिंचाई की सुविधा न होने, कीमतों में कमी और फसल के बर्बाद होने के चलते आत्महत्या कर लेते हैं. 1995 से लेकर अब तक 2,96,438 किसान आत्महत्या कर चुके हैं.
महाराष्ट्र लगातार 12वें साल महाराष्ट्र किसान आत्महत्या के मामले में अव्वल है. यहां का सूखाग्रस्त विदर्भ क्षेत्र किसानों की कब्रगाह है. अकेले महाराष्ट्र में 1995 से अब तक 60,750 किसान आत्महत्या कर चुके हैं. बीती फरवरी में प्रधानमंत्री मोदी ने बारामती में शरद पवार के किसी ड्रीम प्रोजेक्ट कृषि विज्ञान केंद्र का उद्घाटन किया और दोनों नेताओं ने एक दूसरे को किसानों का हितैषी बताया. यह गौर करने की बात है कि 1995 से अब तक बीस साल में शरद पवार दस साल कृषि मंत्री रहे और सबसे ज्यादा किसान महाराष्ट्र में मरे. जब शरद पवार के  कथित ड्रीम प्रोजेक्ट का उद्घाटन हो रहा था, तब किसानों की इन मौतों का तो कोई जिक्र नहीं हुआ, कृषि को वैश्विक बाजार में तब्दील करने की घोषणा जरूर हुई. नई सरकार आने के बाद से अब तक इस सरकार ने एक बार भी किसानों को कोई सांत्वना तक नहीं दी है कि वे कर्ज और गरीबी के चलते आत्महत्या न करें, सरकार उनकी समस्याओं को सुलझाने के कुछ उपाय करेगी.
चुनाव प्रचार के मोदी हर सभा में कहा करते थे कि देश के संसाधनों पर पहला हक गरीबों और किसानों का है. लेकिन उनके प्रधानमंत्री बनते ही अडाणी को छह हजार करोड़ का सरकारी कर्ज दिलवाना उनकी शुरुआती बड़ी घोषणाओं में से एक थी. तब से वे दुनिया भर में घूम घूम कर पूंजीपतियों को भरोसा दे रहे हैं कि उनकी सरकार पूंजीपतियों को पूरी सुरक्षा देगी. अमेरिका से परमाणु समझौते के तहत आनन फानन में भारत सरकार ने अमेरिकी कंपनियों को दुर्घटना संबंधी जवाबदेही से मुक्त कर दिया और देश के खजाने से 1500 करोड़ का मुआवजा पूल गठित कर दिया. यदि पूंजीपतियों के लिए पानी की तरह पैसा बहाया जा सकता है तो क्या कर्ज से मरते किसानों की जान बचाने के लिए कुछ सौ करोड़ रुपए की योजनाएं नहीं शुरू की जा सकतीं?  
जब संसद में सरकार किसान आत्महत्याओं की जानकारी दे रही थी, तब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपनी विदेश यात्रा पर जा चुके थे. उन्होंने जाफना में श्रीलंकाई तमिलों को भारत की मदद से बने 27 हजार मकान सौंपे और इस परियोजना के दूसरे चरण में भारत के सहयोग से और 45 हजार मकान बनाए जाने की घोषणा की. मॉरीशस को  इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट्स के लिए 50 करोड़ डॉलर का रियायती कर्ज देने की पेशकश की. इसी तरह अनुदान और कर्ज के रूप में सेशेल्स को भी 7.50 करोड़ डालर की राशि दी गई. काश प्रधानमंत्री अपने देश में मर रहे किसानों के लिए भी कुछ करते! यदि कुछ न करते तो दिलासा देने वाली कोई घोषणा ही कर देते!
मोदी एक ऐसे देश के प्रधानमंत्री हैं जहां पांच करोड़ लोग बेघर हैं. इन बेघर लोगों के लिए मोदी सरकार ने कोई पहल की हो, ऐसा अभी सुनने में नहीं आया है. सरकार भूमि अधिग्रहण बिल के लिए जरूर पूरा जोर लगा चुकी है जिसके तहत किसानों की सहमति के बिना उनकी जमीनें लेकर कारपोरेट को सस्ते दाम में देने की योजना है. 
यह वही देश है जो स्मार्ट सिटी बनाने और बुलेट ट्रेन चलाने की बात करता है, लेकिन इस पर कोई बात नहीं करता कि उसकी कितनी आबादी बेघर है, भूखी है। पहले से चल रही खटारा ट्रेनों में पानी नहीं होते. ज्यादातर जनसंख्या को पीने के लिए शुद्ध पानी तक नहीं है. यहां इस पर कोई बात नहीं होती कि हर साल करीब साढ़े तेरह लाख बच्चे पांच साल की उम्र पूरी करने से पहले मर जाते हैं. इसका कारण डायरिया और निमोनिया जैसी साधारण बीमारियां हैं. हम इन शर्मनाक आंकड़ों पर कभी शर्मिंदा नहीं होते.
जब प्रधानमंत्री उद्योगपतियों को विश्वास में लेने के लिए ताबड़तोड़ कॉरपोरेट हितैषी घोषणाएं कर रहे हैं और दुनिया भर में घूम घूम कर आर्थिक मदद बांट रहे हैं, उसी समय में स्वाइन फ्लू से अबतक 1600 से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं और करीब 50 हजार पर यह खतरा बना हुआ है. यदि स्वाइन फ्लू जैसी बीमारी से इतनी मौतें अमेरिका या यूरोपीय देशों में ​होतीं तो क्या वहां ऐसी ही चैन की बंसी बज रही होती?
चुनाव से पहले नरेंद्र मोदी ने किसानों को लेकर बहुत बड़ी बड़ी बातें की थीं लेकिन अब किसान उनकी चिंताओं में नहीं हैं. भाजपा ने वादा किया था कि किसानों को उनकी लागत में 50 फ़ीसदी मुनाफ़ा जोड़कर फ़सलों का दाम दिलाया जाएगा. लेकिन सरकार बनाने के बाद मोदी एंड टीम का पूरा जोर कॉरपोरेट और मैन्यूफैक्चरिंग पर है. उनकी प्राथमिकता में कृषि और किसान कहीं नहीं हैं. सरकार मेक इन इंडिया के लिए तो मशक्कत कर रही है लेकिन कृषि के लिए उसके पास कोई योजना या सोच नहीं है. देश की करीब 60 प्रतशित जनसंख्या की आजीविका का आधार कृषि क्षेत्र है. लेकिन इस क्षेत्र को लेकर सरकार ने अब तक किसी बड़े नीतिगत बदलाव या घोषणा से परहेज ही किया है. जबकि कृषि पर गंभीर संकट मंडरा रहे हैं. चालू वित्त वर्ष (2014-15) में कृषि विकास दर सिर्फ़ 1.1 फ़ीसदी रहने का अनुमान है.
कृषि की दयनीय हालत के बावजूद अपने पहले बजट में मोदी सरकार ने कृषि आय की बात तो की, लेकिन कृषि बजट में कटौती कर दी.बजट में किसानों के लिए कुछ खास नहीं रहा. सरकार द्वारा जिस कृषि लोन की बात की जाती है, उसका फायदा किसानों से ज्यादा कृषि उद्योग से जुड़े लोगों को होता है. हालिया बजट भाषण में वित्त मंत्री अरुण जेटली ने ऐलान किया कि कॉरपोरेट टैक्स को अगले चार सालों 30 फीसदी से घटाकर 25 फीसदी किया जाएगा. मोदी सरकार की अब तक की नीतियों और केंद्रीय बजट का संदेश साफ है कि किसानों को वह सांत्वना मात्र देने को तैयार नहीं हैं. यह  कृषिप्रधान देश फ़िलहाल किसानों का क़ब्रगाह बना रहेगा !


(रचनाकार-परिचय:
जन्म:  30 अगस्त 1986 को  उत्तरप्रदेश के गोंडा जिले में।
शिक्षा: इलाहाबाद विवि से पत्रकारिता में एमए।
सृजन: विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में लेख, कविताएं और कहानियां प्रकाशित
ब्लॉग : कृष्‍णकांत कहानियां लिखता है...
संप्रति:  दैनिक भास्कर के दिल्ली संस्करण में बतौर चीफ सब एडीटर कार्यरत
संपर्क : krishnkant1986@gmail.com)



 कृष्‍णकांत के और लेख हमज़बान पर ही


read more...

मंगलवार, 17 मार्च 2015

गाँव भर में चर्चा है वो भाग गयी

नई पौध के तहत आठ कविताएं










वर्षा गोरछिया  'सत्या' की क़लम से


कार्बन पेपर
 
सुनो न
कहीं से कोई
कार्बन पेपर ले आओ
खूबसूरत इस वक़्त की
कुछ नकलें निकालें

कितनी पर्चियों में
जीते हैं हम
लम्हों की बेशकीमती
रसीदें  भी तो हैं
कुछ तो हिसाब
रक्खें इनका

किस्मत
पक्की पर्ची तो
रख लेगी ज़िंदगी की
कुछ कच्ची पर्चियां
हमारे पास भी तो होनी चाहिए

कुछ नकलें
कुछ रसीदें
लिखाइयां कुछ
मुट्ठियों में हो
तो तसल्ली रहेगी

सुनो न
कहीं से कोई
कार्बन पेपर ले आओ
 
चादरें वक़्त की

आओ दोनों मिलकर
जला दें
वक़्त की वो चादरें
बीच है जो हमारे
और
जो आने वाली है
गवारा नहीं मुझे ये
बेतुकी दलीलें वक़्त की
तुम भी कहाँ उस के
हक़ में फैसला चाहते हो
तो क्यों न मिलकर
एक साज़िश रचें
वक़्त के खिलाफ
दिलों की दियासलाई से
कुछ मोहब्बत की तिल्लियाँ निकालें
जज्बातों की परतों से
एक चिंगारी निकालें
और सुलगा दें
ये काली चादर

आओ न दोनों मिलकर
जला दें
वक़्त की चादरें

चूड़ियाँ

जानते हो तुम?
मुझे चूड़ियाँ पसंद हैं
लाल ,नीली ,हरी ,पीली
हर रंग की चूड़ियाँ
जहाँ भी देखती हूँ
चूड़ियों से भरी रेड़ी
जी चाहता है
तुम सारी खरीद दो मुझे
मगर तुम नही होते
ना मेरे साथ
 ना मेरे पास
खुद ही खरीद लेती हूँ नाम से तुम्हारे
पहनती हूँ छनकाती हूँ उन्हें
बहुत अच्छी लगती है हाथो में मेरे
कहते रहते हो तुम
कानो में मेरे चुपके से
जानते हो तुम ? 

मोहब्बत का घर

याद रहे
चाहतों का ये शहर
ख़्वाबों का मोहल्ला
इश्क़ की गली
और कच्चा मकां मोहब्बत का
जो हमारा है
खुशबुओं की दीवारें हैं जहाँ
एहसासों की छतें
हंसी और आंसूओं से
लीपा-पुता आँगन
हरा-भरा
गहरी छाँव वाला
प्यार का एक पेड़ है जहां

किस्सों के चौके में
बातों के कुछ बर्तन
औंधे हैं शर्मीले से
तो कुछ सीधे मुस्कुराते हुए

कुछ बर्तन काले भी हैं
शिकायतों के धुंए से
वो हमारा मुँह ताकते हैं
कि क्यों नहीं हमने
रगड़कर उन्हें साफ़ किया

भीतर एक ट्रंक भी है
लम्हों से भरा
रेशमी चादरों में
यादों की सलवटें हैं
आले में जलता चिराग़
वो खूंटियों पर लटकते
दो जिस्म
जंगलों और खिड़कियों से
झांकते चाहतें हमारी
दरवाज़े की चौखट से
टपकती हुई
बरसातों की पागल बूँदें कुछ
हवा के कुछ झोंके

और न जाने क्या क्या
सब बिक जाएगा इक दिन
समाज के हाथों
रिवाज़ें बोलियाँ लगाएंगी
ज़ात भाव बढ़ाएगी अपना
और खरीद लेंगे
जनम के जमींदार
वो मकां हमारा

रात गुजर गई

रात गुजर रही है
कमरे की बिखरी चीजें उठाते हुए 
सब कुछ बिखरा है 
तुम्हारे जाने के बाद 
तुम्हारी चहल कदमी
घूमती रहती है आँगन में 
सांसे कुछ फुसफुसा जाती है
कानो में मेरे 
बिस्तर की सलवटें अकेली हैं 
नाराज है तुमसे 
बातों के ढेर लगे है एक एक को लपेटती जाती हूँ 
और रखती जाती हूँ अलमारी में 
गठरियाँ हैं कुछ 
मुस्कुराहटो की 
अलमारी के ऊपर रख दी है 
कमरे का फर्स ठंठा है 
गीला है मेरे आंशुओ से 
उफ़ ! बालकनी में चाँद भी तो है 
कितना कुछ बिखरा है 
थककर चूर हूँ 
कितनी यादे बगल में लेटी हैं 
नींदे माथे को चूम रही हैं 
रात गुजर गई 
कमरे की बिखरी चीजे उठाते हुए


संकरी सी उस गली में

संकरी सी उस गली में
दोनों तरफ हजारों जज्बातों की
खिड़कियां खुलती है
जुगनू टिमटिमाते है
रूई के फ़ाहों से
लम्हे तैरते हैं
शाम रंग सपने झिलमिलाते हैं
तितिलियों के पंखो का
संगीत घुलता है
रेशमी लफ्जो की खुशबू महकती है
संकरी सी उस गली में
तेरी आँखों से
मेरे दिल तक जो पहुचती है ..
 
सौदा

चलो हम ये दुनिया बेच दें
खरीद ले बदले में
वो चांदनी की रात
बुने रेशम की एक चादर
लगाए किस्मत की छत पर
सफेद बिछौना
ज़ख्मों का एक तकिया भरें
तकिया वो मेरे सिरहाने रहे
तुम मेरे सीने पे
सर रख कर सो जाओ
तो ज़ख्मों की चुभन कहाँ होगी
तेरे मेरे दर्द का
एक चकोर खाने वाला
कम्बल बुनें
एक टुकड़ा दर्द तेरा
एक टुकड़ा मेरा
चकोर खानों में दर्द भरें
एक खाना तेरा
एक खाना मेरा
ओढ़कर सो जाएं दोनों
आ मर्ज़ी का सौदा करें
ये दुनिया आज बेच दें
 
हरियाणा

गाँव भर में
चर्चा है
वो भाग गयी
बदचलन थी
कई दिनों से लक्षण ठीक नहीं थे
मटक मटक कर चलती
ओढ़नी कभी सर पे नहीं रखती
कुल को डुबो गयी

आकर देखे कोई अब
तीन हफ़्तों से
मिट्टी-तले सो रही है
कहाँ गयी
यहीं तो है
   
-----

(रचनाकार-परिचय :
जन्म : 14 फ़रवरी 1989 को फ़तेहाबाद (हरियाणा) में
शिक्षा : स्नातक (Bachelor in tourism management)
सृजन : पहली बार हमज़बान में
संप्रति :  स्वतंत्र लेखन
संपर्क :  varshagorchhia89@gmail.com ) 







   

read more...

रविवार, 15 मार्च 2015

चंद्रशेखर के मुनीश्वर भाई, सुषमा के दादा

मुनीश्वर बाबू अपनी लाडली बिटिया प्रीति (लेखिका) के साथ
स्वतंत्रता सेनानी और समाजवादी नेता  मुनीश्वर प्रसाद सिंह  पर उनकी बेटी का संस्मरण


प्रीति सिंह की क़लम से



एक बार फिर सामने हूं अपने बाबूजी की कुछ यादें लेकर। वो यादें जो मुझे हर पल आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं । अगर आपको कोई राह दिखाने वाला हो, तो जीवन कितना सुगम बन जाता है. यह वही जान समझ सकता है जिसे जीवन पथ पर किसी अपने का साथ मिला हो। आज जब लोग किसी का काम बिना जान-पहचान के करने को तैयार नहीं होते। वैसी दुनिया में बाबूजीजी ने कितने अंजान लोगों की सहायता की है। उनका कहना था कि हम सिर्फ निमित्त होते हैं, मदद करने वाला तो ईश्वर होता है और जब ईश्वर ने जब हमें किसी को पास सहायता के लिए भेजा है तो फिर हम उसकी मदद नहीं करके ईश्वर का अपमान करेंगे। इसीलिए हर किसी की मदद को वो हर क्षण प्रस्तुत रहते थे।


जब मोटरसाइकिल हुई खराब,  बाबूजी ने दी बेटी-पिता को लिफ़्ट
उम्दा शख्सियत वाले बाबू जी का दिल दूसरों के लिए भी कितनी दया और सहानुभूति से भरा हुआ था, इसे बताने के लिए एक कहानी काफी होगी। एक बार देर रात हाजीपुर से किसी मीटिंग में हिस्सा लेकर बाबूजी घर लौट रहे थे। उनकी पुरानी एम्बेसडर कार को भैया  चला रहा था। साथ में सरकार की ओर से मिला बॉडीगॉर्ड भी था। गांधी सेतु पर उन्होंने एक मोटरसाइकिल चालक को अपनी गाड़ी घसीटते देखा। उनके साथ दो लड़कियां भी थीं। ये देखकर बाबूजी को ये समझते देर नहीं लगी कि मोटरसाइकिल खराब हो गई है। इतनी रात में उन्हें अकेले देखकर उन्होंने  कार रुकवाई और अपने बॉडीगॉर्ड हवलदार कलक्टर सिंह को मोटरसाइकिल वाले को गाड़ी में चलने का आग्रह लेकर भेजा। अंजान लोगों की ओर से मदद की पेशकश देखकर मोटरसाइकिल चालक थोड़ा घबराए । जमाने की हवा ही ऐसी है कि किसी को किसी पर यकीन नहीं आता। आज की इस मतलबी दुनिया में निस्वार्थ मदद भी सामने वाले के मन में संदेह पैदा करती  है। असमजंस में पड़े उस शख्स को देखकर बाबूजी ने उन्हें खुद अपना परिचय दिया और देर रात पैदल दो बेटियों को अपने साथ लेकर जाने से उन्हें मना किया। भैया ने मोटरसाइकिल को कार में टोचन किया। उसको हवलदार साहब लेकर चले। जबकि कार में वो व्यक्ति और उनकी दोनों बेटियां बैठीं।  बाबूजी ने उन्हें गंतव्य पर उतार कर ही राहत की सांस ली। ऐसी कई घटनायें हैं। उन्होंने न जाने कितने लोगों को प्रोफेसर, इंजीनियर और डॉक्टर बनवाया। कितने लोगों की पढ़ाई में मदद की और न जाने कितनों को राजनीति का ककहरा सिखाया। लेकिन समय के साथ लोग आगे बढ़ते चले गए और उन्हें ही भूल बैठे।

आचार्य कृपलानी का घड़ा सुचेता की फ्रिज

बाबूजी की तेज बुद्धि, निर्णय लेने की अद्भुत शक्ति, जबरदस्त उत्साह और सकारात्मक सोच का कुछ भी प्रतिशत मुझमें होता तो मैं खुद को धन्य मानती।  युवावस्था में जब बाबूजी प्रजा सोशलिस्ट पार्टी से जुड़े हुए थे तब उन्हें पार्टी के कद्दावर नेता जेबी कृपलानी को चुनाव लड़ने के लिए मनाने की जिम्मेवारी दी गई। उस वक्त तक जेबी कृपलानी  ने चुनाव न लड़ने का फैसला किया था और पार्टी के तमाम बड़े नेता उन्हें मना कर थक चुके थे। उनका चुनाव लड़ना जरुरी था। क्योंकि पार्टी को इसकी जरुरत थी। उस वक्त लोग उसूलों के लिए चुनाव लड़ते थे, न कि अपने क्षुद्र स्वार्थों को पूरा करने के लिए। खैर, सब ओर से हारकर हाईकमान ने बाबूजी को ये जिम्मेवारी सौंपी। बता दें कि जेबी कृपलानी देश के कद्दावर समाजवादी नेताओं में से एक थे और उनकी धर्मपत्नी सुचेता कृपलानी कांग्रेस की नेता। सुचेता कृपलानी उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री और देश की पहली महिला मुख्यमंत्री थीं। लेकिन वैचारिक दृष्टिकोण अलग-अलग होने की वजह से दोनों अलग-अलग पार्टियों में थे। बहरहाल, जब बाबूजी आचार्य कृपलानी को मनाने पहुंचे तो उस वक्त भीषण गर्मी थी। बातचीत के दौरान आचार्य कृपलानी ने  फिर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया। बाबूजी ने उन्हें कई तर्क-वितर्क के द्वारा मनाने की कोशिश की। अचानक बीच में आचार्य कृपलानी ने बाबूजी से पानी पीने के लिए पूछा। चूंकि मौसम गर्मी का था। प्यास बाबूजी को भी लगी थी। उन्होंने पानी के लिए हां कर दिया। इस पर कृपलानी जी ने पूछा कि तुम किसका पानी पीना पसंद करोगे, मेरा या सुचेता का? बाबूजी ने कहा कि आपका। पानी पिलाने के बाद कृपलानी जी ने एक बार फिर बाबूजी से पूछा कि आखिर तुमने मेरा पानी क्यों चुना और इस प्रश्न के पूछने के पीछे मेरा मकसद क्या था? तब बाबूजी ने बहुत शांत लहजे में कहा कि – दरअसल आप इस प्रश्न के द्वारा मेरी बुद्धिमता और मेरे मकसद को जानना चाहते थे। आपने किसका पानी पियोगे ये पूछकर पार्टी के प्रति मेरी प्रतिबद्धता को भी जांचा। चूंकि सुचेता जी कांग्रेस नेता और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री हैं तो जाहिर सी बात है कि उनके पास फ्रिज होगा। जबकि आप सोशलिस्ट नेता हैं तो आपके पास घड़ा है। इसीलिए आपने पूछा कि तुम सुचेता का या मेरा पानी पियोगे? और चूंकि मैं आपके दल का कार्यकर्ता हूं और आपका अनुयायी भी। इसीलिए मैंने  फ्रिज के बजाय घड़े के पानी को पीना स्वीकार किया। कृपलानी जी बाबूजी के इस जवाब से काफी खुश हुए और उन्होंने चुनाव लड़ने की बात को मान लिया। पार्टी की ओर से उन्होंने बांका से चुनाव लड़ा और भारी बहुमत से विजयी हुए। कृपलानी जी ने बाबूजी की जमकर तारीफ की और आलाकमान को भी युवा नेता के तौर पर उनको पार्टी में शामिल करने करने के लिए बधाई दी।


खर्च अपना पैरवी दूसरों की किया करते थे
हालांकि सच और बेबाक बोलने की अपनी आदत की वजह से वो कई बार न होने वाले काम के लिए अपनी असमर्थता भी जता देते थे। आज-कल के नेताओं की तरह झूठे आश्वासन देकर लोगों को अपने पीछे घुमाना उन्होंने नहीं सिखा था। कई बार शुभचिंतकों ने उन्हें लोगों के मुंह पर काम नहीं होने की बात न बोलने की सलाह भी दी। लेकिन उन्होंने हर बार इस बात को सिरे से खारिज कर दिया कि किसी के मन में झूठी उम्मीद को जगाया जाये।  आज जहां राजनेता काम कराने के बदले रुपये लेते हैं। वहीं बाबूजीजी अपने रुपये खर्च कर उनकी पैरवी किया करते थे। बार-बार फोन करने की वजह से टेलीफोन का बिल हजारों रुपये का आता था। और-तो-और वो घरवालों को भी परेशान कर दिया करते थे। कई बार तो उनकी इस परोपकार की प्रवृति से हमलोग चिढ़ जाया करते थे। लेकिन उनका कहना था कि किसी भी सूरत में प्रत्येक इंसान का ये कर्तव्य है कि वो दूसरों की मदद करे और वो भी बिना किसी स्वार्थ के। इसीलिए शायद ये गुण जाने-अंजाने मुझ में भी आ गया। बाबूजी को देश के बड़े-बड़े राजनेताओं का प्रेम और सम्मान मिला। पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर ने हमेशा उन्हें मुनीश्वर भाई कह कर ही संबोधित किया। तो सुषमा स्वराज उन्हें दादा कहकर बुलाती थीं। दक्षिण के वरिष्ठ राजनेता रामकृष्ण हेगड़े उनके प्रगाढ़ मित्रों में से एक थे। इन सबके बावजूद बाबूजी ने अपनी राजनीतिक पहुंच का फायदा कभी भी अपने परिवार या बच्चों के लिए नहीं उठाया। उन्हें अपनी कर्मभूमि महनार से असीम लगाव था। तभी तो पार्टी द्वारा कई बार लोकसभा चुनाव लड़ने की गुजारिश के बाद भी उन्होंने सिर्फ इसलिए महनार विधानसभा नहीं छोड़ा कि वो अपने क्षेत्र से दूर चले जायेंगे, जो कि उन्हें किसी भी सूरत में गवारा न था। लेकिन कहते हैं न कि ज्यादा प्रेम तकलीफ भी लेकर आता है। तभी तो इस क्षेत्र ने उन्हें 1995 के चुनाव में वो दर्द दिया, जो लंबे समय तक उनके जेहन में ताजा रहा। इस चोट ने उन्हें राजनीति का परित्याग करने को मजबूर कर दिया। ओछी राजनीति ने उन्हें गहरी पीड़ा दी और उन्होंने सक्रिय राजनीति से एक दूरी बना ली।

 ऐसी खुशबू कहां से लाऊंगी
बाबूजी धार्मिक रुढ़ियों को नहीं मानते थे। लेकिन अध्यात्म में उनकी गहरी रुचि थी। खाली वक्त में वो रामायण, महाभारत और गीता पढ़ते थे। हमलोगों से भी वो अक्सर कहते थे कि इन पुस्तकों को पढ़ो। धार्मिक पुस्तकें समझ कर नहीं, बल्कि ज्ञान हासिल करने के लिए। उन्हें पढ़ने का बेहद शौक था। वो पुस्तकों का गहन अध्ययन करते थे। मुझे याद है.. जब बाबू जी  विधायक थे तो मुझे विधानसभा के पुस्तकालय से अच्छी-अच्छी पुस्तकें लाकर पढ़ने के लिए देते थे। चंद्रकांता संतति का संपूर्ण भाग मैंने जब पढ़ा था। उस वक्त मैं सांतवीं कक्षा की छात्रा थी। पटना में पुस्तक मेला से पुस्तकें लाने के लिए भी  उत्साहित करते थे और रुपये देकर पुस्तकें खरीदने भेजा करते थे। अपनी अस्वस्थता के दौर में जब वो पढ़ने-लिखने में असमर्थ हो गए थे। उस वक्त मैं उन्हें अखबार और किताबें पढ़कर सुनाया करती थी। ये दौर बेहद पीड़ादायक था। जब कोई अपना लाचार होकर बिस्तर पर पड़ जाता है तो उसके साथ-साथ पूरे परिवार को उस दर्द को झेलना पड़ता है। हालांकि बाबूजी ने कभी अपनी शारीरिक बेबसी की वजह से घरवालों को कोई तकलीफ नहीं पहुंचाई। लेकिन जो शख्स महीनों तक घर नहीं आते थे। जिनका एक-एक पल कीमती था। वो आज जिस तरह से बिस्तर पर पड़े हुए थे। ये खुद में दुखद था। घड़ी की घंटी को सुनकर वो अपने बगल में रखी हाथ घड़ी को उठाकर देखते थे और समय काटते थे। उन्हें बिस्तर पर पड़े-पड़े यूं समय काटते देख मैं कितनी बार रोई हूं। जब शाम को मैं उनके कंधे पर सिर रखकर उनके बगल में सो जाती थी। तो स्वर्ग का सुख भी उसके सामने फीका नजर आता था। हां, मेरे बाबूजी वो इंसान हैं जिनसे मैंने  जिंदगी में सबसे ज्यादा प्यार किया। वो बेमिसाल थे। हालांकि अब मुझे लगता है कि कई बार मैंने उन्हें उतना समय नहीं दिया, जितना देना चाहिए था। कई बार मैंने उनसे गुस्से में बात की और कई बार बेवजह बहस भी की। लेकिन ये हमें तब कब अहसास होता है जब हम अपनों के साथ होते हैं। उन्हें खोने के बाद ही हम उनका मोल समझते हैं। लेकिन तब पछतावे और आंसू के अलावे कुछ नहीं रह जाता। मां-बाप आपके सिर की वो छत होते हैं जो आपको हर मौसम की मार से बचाते हैं और इसका अहसास तब होता है जब सब कुछ खत्म हो जाता है। मुझे लगता है सात्विक लोगों के शरीरों से अच्छी सुंगध निकलती है। बाबूजी के कपड़ों और उनकी देह से भी ये खुशबू आती थी। उनके शरीर से निकलने वाली इस सुंगध को मैं लाखों-करोड़ों लोगों सुगंध में भी पहचान सकती हूं। वो अपनी तरह की अलग एक ऐसी खुशबू थी जिसे शायद मैं ही पहचानती हूं। ये इस कारण भी शायद संभव था। क्योंकि मैं अतिसंवेदनशील हूं।


. . . और  डायरी का वो पन्ना

बाबूजी  हर दिन की अपनी गतिविधियों और विचारों को  डायरी में लिखते थे। वो हमें भी डायरी लिखने के लिए प्रोत्साहित करते थे। बीमारी में जब वो लिख पाने में असमर्थ थे तो उनकी डायरी मैं लिखती थी। ये नियम था। वो अपनी बातें बताते जाते थे और मैं लिखती जाती थी। आज जब उन डायरियों को पढ़ती हूं तो सारी बातें आंखों के सामने किसी रील की तरह आकर चली जाती है। अगर आत्मा की आत्मा से भेंट होती है तो मैं मौत के बाद अपने बाबूजी की आत्मा से सबसे पहले मिलना चाहूंगी। काश कि ये दुनिया एक बार और वक्त को पलट देता तो मैं अपने बाबूजी के साथ और भी समय बिता पाती। वो सारी गलतियां जो मैंने जाने-अंजाने की। उन सभी को मैं दूर कर देती। लेकिन शायद यही जीवन है। यहां कुछ भी हमेशा नहीं रहता। रह जाती हैं तो बस यादें और वो गलतियां, जो हमें अपने बुरे बर्ताव और अपनी बेवकूफियों की याद हमेशा दिलाती रहती हैं।

(रचनाकार-परिचय:
जन्म: 20 मई 1980 को पटना बिहार में
शिक्षा: पटना के मगध महिला कॉलेज से मनोविज्ञान में स्नातक, नालंदा खुला विश्वविद्यालय से पत्रकारिता एवं जनसंचार में हिन्दी से स्नाकोत्तर
सृजन: कुछ कवितायें और कहानियां दैनिक अखबारों में छपीं। समसायिक विषयों पर लेख भी
संप्रति: हिंदुस्तान, सन्मार्ग और प्रभात खबर जैसे अखबार से भी जुड़ी, आर्यन न्यूज चैनल में बतौर बुलेटिन प्रोड्यूसर कार्य के बाद फिलहाल एक संस्थान में कंटेंट डेवलपर और  आकाशवाणी में अस्थायी  उद्घोषक
संपर्क: pritisingh592@gmail.com)

हमज़बान पर पहले भी प्रीति सिंह को पढ़ें
read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)