बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलताइससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलताकई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.

शनिवार, 29 अगस्त 2015

कैसे बढ़ी मुसलमानों की आबादी और हिंदुओं की घटी































रक्त रंजित गोधरा, रस रूप मंथन करे
शव की उड़ती धूल, शिव का महिमा मंडन करे



गुंजेश की क़लम से

ठीक है, मेरी गणित कमज़ोर है। लेकिन फिर भी मैं समझना चाहता हूँ कि जब किसी हिन्दू घर में कोई मुसलमान बच्चा पैदा नहीं हो सकता तो फिर, मुसलमानों की आबादी बढ़ी कैसे, और कैसे हिंदुओं की घटी। 2001 में हिंदुओं की आबादी 82.75 करोड़ थी जो 2011 में 96.63 करोड़ हो गई है। फिर सरकार इसे घटा हुआ क्यों बता रही है? क्या वृद्धि में प्रतिशत कमी जनसंख्या में भी कमी है? 2001 के मुक़ाबले 2011 में 13 करोड़ से ज़्यादा हिन्दू बढ़े हैं। वहीं 2001 में आबादी का 13.4 प्रतिशत हिस्सा रहे मुसलमानों की आबादी 2001 में 13.8 करोड़ थी जो अब 3.42 करोड़ बढ़ कर 17.22 करोड़ हो गई है। इस लिहाज से देखा जाय तो 2001 से 2011 के बीच जहां मुसलमों की आबादी में 24.78 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है वहीं हिन्दू भी इस अवधि में 15.7 प्रतिशत बढ़े हैं। जनसंख्या में 2.3%, 1.7%, 0.7%, 0.4% की हिस्सेदारी रखने वाले धर्मावलंबी जो क्रमशः ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन हैं की संख्या में भी क्रमशः 15.5%, 8.4%, 6.1% और 5.4 की बढ़ोतरी हुई है। तो गज़ब देश के देश भक्त नागरिकों, एक बात तो पक्की है कि किसी भी कौम की संख्या कम नहीं हुई है, प्रतिशत वृद्धि में कम-बेसी हुआ है। देश की जनसंख्या बढ़ी है तो इसमें हिन्दू, मुस्लिम, ईसाई, सिख, बौद्ध, जैन सबका योगदान है और अभूतपूर्व योगदान है।
इतना ही नहीं, एक आंकड़ा देखिये। यह दशक वार जनसंख्या में प्रतिशत वृद्धि का आंकड़ा है। जो यह भी बताता है कि हिन्दू बनाम मुसलमान आबादी में प्रतिशत वृद्धि के मुक़ाबले में, हिन्दू कभी आगे नहीं रहे, मतलब यह ब्रेकिंग न्यूज़ वाला मामला नहीं है। ये आंकड़े साथ ही यह भी बताते हैं कि दशक दर दशक, हिन्दू बनाम मुसलमान आबादी में प्रतिशत वृद्धि का अंतर लगातार काम होता जा रहा है।

वर्ष 1961 की जनगणना के मुताबिक, 1951 के मुक़ाबले मुस्लिम आबादी में 32.49% की वृद्धि हुई थी तो हिन्दू आबादी में 20.76 % की। 1971 में 61 के मुक़ाबले मुस्लिम आबादी में 30.92 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी और हिन्दू आबादी 23.68 की औसत से बढ़ी थी। 1981 में 71 के मुक़ाबले मुस्लिम आबादी 30.78 प्रतिशत की दर से बढ़ी तब हिन्दू आबादी की बढ़ोतरी दर 24.07 प्रतिशत थी। 81 के मुक़ाबले 1991 में हिन्दू आबादी 22.71 प्रतिशत से बढ़ी तो मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर 32.88% रही थी। 2001 में हिन्दू आबादी 19.92 प्रतिशत की रफ्तार से बढ़ी, 1991 के मुक़ाबले, तो इस दौरान मुस्लिम आबादी में वृद्धि दर 29.52 प्रतिशत रही। 2001 के मुक़ाबले 2011 में हिन्दू आबादी की वृद्धि दर 16.76 प्रतिशत रही तो मुस्लिम आबादी में यह 24.60 दर्ज़ की गई। तो जिम्मेदार नागरिकों अगर हम पिछले 50 साल के आंकड़ों का विश्लेषण करें तो हम पाएंगे कि मुस्लिम आबादी के प्रतिशत वृद्धि में भी कमी आ रही है। लेकिन, बहुमत वाले भाई लोगों जनगणना 2011 के आंकड़ों से आप लोगों को चिंतित तो होना चाहिए क्योंकि सेक्स रेशिओ (लिंगानुपात) के पेरामीटर पर देखें तो मुसलमाओं में जहां 951 महिला प्रति हज़ार पुरुष है, हिंदुओं में यह 939 महिला प्रति हज़ार पुरुष है।


अब आइये, गणित के जंजाल से निकल कर सामाजिक विज्ञान के समर में चलें। पहली बात जो सरकारी विज्ञापन से चलने वाले देश के प्रमुख हिन्दी समाचार पत्र आपको नहीं बताएँगे वह यह कि ये आंकड़े ऐसे क्यों हैं? क्या धर्म आधारित जनगणना का कोई ताल्लुक सीधे धर्म से है भी? क्या जनसंख्या के बढ़ने का सीधा ताल्लुक, यह एक मात्र ताल्लुक धर्म से है? यह इसके कुछ अधिक गहरे सामाजिक आर्थिक कारण हैं। फिलहाल मैं सच्चर कमेटी के द्वारा उठाए गए समस्याओं और उसके सुझावों पर नहीं जाऊंगा। पर एक ज़रा पढ़िये कि द हिन्दू अख़बार को दिये बयान में अंतरराष्ट्रीय जनसंख्या विज्ञान संस्थान, मुंबई के प्रोफेसर और जनसंख्याविद P. Arokiasamy क्या कहते हैं। P. Arokiasamy कहते हैं कि यह एक सामान्य रुझान है। शिक्षा का सत्र बढ़ने और परिवारों की जरूरतों में बदलाव की वजह से जनसंख्या की वृद्धि दर में कमी आना स्वाभाविक और उम्मीद के मुताबिक है। उन समुदायों में जो ज़्यादा शिक्षित हैं और जिनतक स्वास्थ्य सुविधाओं की बेहतर पहुँच है, वहाँ जनसंख्या वृद्धि दर में कमी आई है। P. Arokiasamy केरल का उदाहरण हमारे सामने रखते हैं और बताते हैं कि केरला में मुसलमानों की जनसंख्या वृद्धि दर पूरे राज्य में किसी और समुदाय के मुक़ाबले सबसे कम है। मज़हब नहीं सिखाता आपस में बैर रखना....


आखिर मैं इन आंकड़ों पर इतना लंबा क्यों लिख रहा हूँ, क्योंकि मैं डरा हुआ हूँ, क्योंकि मुजफरनगर अभी बांकी है, क्योंकि इस देश में अभी बीजेपी की सरकार है, जो आरएसएस, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की राजनीतिक इकाई है, आरएसएस जो भारत को एक हिन्दू राष्ट्र की तरह देखना चाहता है, और अभी अभी मैं जमशेदपुर को जलते- झुलसते महसूस किया है। मैं सोच रहा हूँ कि सरकारें और संस्थाएं आंकड़ों से जो प्रामाणिकता हासिल करती हैं, उससे कैसे बचा जाय। खास तौर से, ऐसे गज़ब देश में। जहां दो लोग आपसी बातचीत में भी अपनी बात मनवाने के लिए तुरंत किसी तीसरे अंजान व्यक्ति से कंसेंट लेते भी नहीं घबराते हैं ; क्यों भाई साहब सही कह रहा हूं न !!, और यह सिर्फ इसलिए होता है कि बंदे के पास इतना पेशेंस नहीं होता कि वह अपनी बात के पक्ष में जिरह कर सके। यह राजनीति का “फैसला ऑन द स्पॉट काल” है, यह राजनीति का आरएसएस काल है। अभी तो सिर्फ आंकड़े आए हैं। अब गली मोहल्लों में चर्चा भी पहुंचेगी कि हिन्दुत्व पर खतरा है। हिन्दू अपनी संख्या न भी बढ़ाएँ तो भी हिंदुओं को मुसलमानों की संख्या कम करने पर सोचना होगा, ऐसी बातें फैलाई जाएंगी। मैं डरा हुआ हूँ कि नेक लेकिन असहिष्णु लोगों से भरा यह समाज इन अफवाहों से कैसे लड़ेगा, अफवाहों से लड़ेगा या अफवाहों के चक्कर में लड़ेगा। मैं डरा हुआ हूँ इसलिए क्योंकि 60 प्रतिशत साक्षारता वाले देश में, किसी भी बात को धार्मिक उन्माद और फिर दंगों का रूप दिया जा सकता है। सरकार और मीडिया को जिस तैयारी के साथ ऐसे आंकड़े जारी करने चाहिए वो तैयारी नहीं की गई, जनता तक पूरी और साफ-साफ जानकारी नहीं दी गई। मोटा-मोटी जानकारी, ऐसे मामलों में नीमहकीम से भी ज़्यादा ख़तरनाक हो सकती है। इसलिए मैं अपील करता हूँ, अगर आप वाक़ई हिन्दू या मुसलमान होकर सोचते हैं तो इन आंकड़ों के हिस्ट्री, जियोग्राफी, एकोनोमिक्स, पोलिटिकल साइंस, फ़िजिक्स, केमेस्ट्री सबके बारे जानिए फिर राय बनाइए।वरना मत सुनिए कि कौन सी सरकार कौन सा आंकड़ा जारी कर रही है।




(रचनाकार -परिचय:
जन्म: बिहार झरखंड के एक अनाम से गाँव में 9 जुलाई 1989 को
शिक्षा: वाणिज्य में स्नातक और जनसंचार में स्नातकोत्तर महात्मा गांधी अंतर राष्ट्रीय हिंदी विश्व विद्यालय, वर्धा से। प्रभात खबर व भास्कर से संबद्ध रहे।
सृजन: अनगिनत पत्र-पत्रिकाओं व वर्चुअल स्पेस में लेख, रपट, कहानी, कविता
संप्रति: हिंदुस्तान के भागलपुर संस्करण के संपादकीय विभाग से संबद्ध
संपर्क: gunjeshkcc@gmail.com )

read more...

गुरुवार, 27 अगस्त 2015

आबादी के आंकड़े का फ़र्जी खेल

कौन कितना जानना आसान नहीं इतना


 















फ़राह शकेब की क़लम से

संघ परिवार अपने निर्धारित विध्वंसक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए झूठ, फरेब, धोखा, मक्कारी, हिंसा, द्वेष और गोयबल्स के फ़र्ज़ी प्रचार तन्त्र पर आधारित हथकण्डे किस शातिराना ढंग से अम्ल में लाता है। इस पर संघ के नब्बे साला अतीत को ध्यान में रखते हुए काफी लम्बी बहस हो सकती है, लेकिन फिलहाल एक मूल तर्क को सामने रखते हुए जनसंख्या वृद्धि के नव अवतारित मुद्दे पर हर सम्भव तर्क के साथ अपना पक्ष रख रहा हूँद्। संघ की सफलता का मूल मन्त्र ये है कि वो देश के 20 से 25 प्रतिशत अल्पसंख्यकों विशेष कर मुसलमानों और ईसाइयों से 75 प्रतिशत से अधिक बहुसंख्यक समाज को मनोवैज्ञानिक रूप से भययुक्त कर उनके मानसिक पटल एक विशेष प्रकार का खौफ बिठाए रखना चाहता है। निरन्तर नित नए-नए प्रोपगंडा और अफवाहों से उस भय को खाद्य पानी उपलब्ध करवाते हुए उसे सींचते हुए बहुसंख्यक सामज के दिल दिमाग में सुनियोजित ढंग से उसकी जड़ को अंदर तक मज़बूत करने में संघ ने काफी सफलता पाई है इससे इनकार करना खुद को झूठी तसल्ली देने जैसा लगता है।


इस देश का सबसे बड़ा दुर्भाग्य ये है कि अल्पसंख्यक समुदाय विशेष कर मुसलमानों और ईसाइयों के विरुद्ध फासिस्टों के तमाम षडयन्त्रों और साज़िशों में सामन्ती पूंजीवादियों का पोषक मेन स्ट्रीम मीडिया विशेष कर हिंदी मीडिया भी शामिल है। 26.08.2015 को देश के अस्सी. प्रतिशत प्रिंट मीडिया विशेष कर हिंदी मीडिया ने फासिस्टों की मंशा और लक्ष्य के अनुकूल इस अंदाज़ में सुर्खियां लगाया कि देश में केवल मुसलामनों की आबादी की बढ़ी है और किसी भी धर्म समुदाय की जनसंख्या में कोई वृद्धि नहीं हुई।

गुजरात के वर्तमान हालात के सामने इसे प्राथमिकता देना और पहले पन्ने की सुर्खी बनाना भी कुछ कम संदिग्ध नहीं है। संदिग्ध इसलिए कि इसी मीडिया के द्वारा अब देश भर को ये प्रभाव दिया जाता रहा है कि गुजरात के सिवा भारत में कहीं विकास नहीं हुआ और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गुजरात की धरती सोना उगल रही है। अम्बर हीरे बरसा रहा है, दूध की नदियां बह रही हैं। लेकिन पिछले दो दिन से विगत दशकों से गुजरात की आधी सत्ता पर क़ाबिज़ बीएमडब्ल्यू और ऑडी जैसी गाड़ियों में घूमने वाला सम्पन्न व्यापरी समुदाय वहां की सड़कों पर आतंक मचा रहा है। उसे भी आरक्षण की ज़रूरत है तो फिर विकास किसका हुआ देश ये भी जानना चाहता है।
इधर, खबरों को आंकड़ों की वास्तविकता की कसौटी पर देखने के बाद ये सच सामने आता है कि मुसलमनों की जनसख्या वृद्धि दर में विगत कुछ वर्षों में लगभग 5 प्रतिशत और अगर 1991 से 2011 की बात करें तो सामूहिक रूप से लगभग 10 प्रतिशत की कमी आई है। 1991 में ये वृद्धि दर 34 प्रतिशत के आसपास थी जो 2011 में 24.5 प्रतिशत रह गई। इसी दौरान हिंदुओं की जनसंख्या वृध्दि दर 9 प्रतिशत कम हुई। अगर इस मापदण्ड को सामने रखा जाए तो देश के जनसंख्या नियंत्रण की दिशा में मुसलमान हिंदुओं से 1 प्रतिशत अधिक ही हैं।
2001 में हिंदुओं की जनसंख्या 82 करोड़ 75 लाख थी, जो 2011 में 96 करोड़ 63 लाख पहुँच गयी और 2001 में मुसलमनों की जनसंख्या 13 करोड़ 80.लाख थी, जो 2011 में 17 करोड़ 22 लाख पहुंची। स्पष्टत: इन दस वर्षों में हिंदुओं की जनसंख्या में उतनी वृद्धि हुई जितनी मुसलमानों की कुल जनसंख्या थी। वर्ष 2001 में तो फिर हिंदुओं की आबादी घटी कैसे ??

लेकिन आंकड़े जारी करने वाले बाजीगरों ने बड़ी शातिराना ढंग से इसे प्रस्तुत करते हुए केवल ये प्रभाव देने की कोशिश की कि केवल मुसलमनों की जनसंख्या ही बढ़ी है. इन आंकड़ों में अप्रत्यक्ष रूप से एक और संघी षड्यंत्र को बल देने का प्रयास हुआ है .पश्चिम बंगाल और आसाम के मुसलमनों को बांग्लादेशी घुसपैठिये कहना भी फ़ासीवादियों का एक पसंदीदा अमल रहा है। इस जनसंख्या वृद्धि वाले ड्रामे में भी उन्हीं प्रदेशों में अधिक जनसंख्या वृद्धि वाली जगह के तौर पर चिन्हित किया गया है। जनगणना के इन आंकड़ों में इस पहलू को विशेष रूप से ध्यान में रखना होगा कि विगत कुछ वर्षों में मुस्लिम समाज जो अशिक्षा के कारण इन सब चीजों के प्रति उतनी रुचि नहीं लेता था। वहाँ अब काफी हद तक इन क्षेत्रों में जागरूकता आई है और पहले के मुकाबले अपने आधार कार्ड, राशन कार्ड, मतदाता सूची में नामकरण, मतदाता पहचान पत्र और जनगणना के समय उपस्थित होकर अपनी एवम् अपने परिवार की विस्तृत जानकारी इस क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों को उपलब्ध करवाने के प्रति सचेत हुआ है।

इस पूरे प्रकरण और सांप्रदायिक सरकार के सांप्रदायिक षड्यंत्र और इस सामन्ती साज़िश को तर्कसंगत और अधिकृत रूप देने में लोकतंत्र के चौथे खम्बे की संज्ञा अपने माथे पर सजाये घूमने वाले पूंजीवाद की पोषक मीडिया के योगदान को देश का बहुसंख्यक समाज आंकड़ों के फर्जीवाड़ और वास्तविकता की रौशनी में किस तरह समीक्षा कर पाता है ये तो समय ही बताएगा। लेकिन इस प्रकरण के पीछे आरएसएस के रणनीतिकारों का हाथ और उनके संरक्षण का पर्दाफाश करने के लिए मैं यहां संघ के संचालन में चलने वाले बिहार सांस्कृतिक विकास परिषद के धर्म जागरण समन्वय विभाग, उत्तर बिहार द्वारा प्रकाशित साहित्य का हवाला देना ज़रूरी समझता हूँ. ये समाज तोड़क विध्वंसक साहित्य बिहार के सीमांचल इलाके में स्वयम्भू धर्मरक्षकों द्वारा बहुसंख्यक समाज के उन गावँ में बंटवाए जा रहे हैं जहां निर्धनता है, अशिक्षा है और धर्मनिरपेक्ष संविधान पर आधारित भारतीय राष्ट्र के सभ्य नागरिक गुणों एवम् जागरूकता का अभाव है।

मतांतरण से घटता भारत
घटता हिन्दू मरता भारत के शीर्षक से इस साहित्य के पहले और दूसरे पन्ने पर वर्णित कुछ पंक्तियाँ शब्दशः यहां अंकित कर रहा हूँ..

"" जहाँ जहाँ हिन्दू घटा, वहाँ का वह भाग भारत नहीं रहा! अफ़ग़ानिस्तान से ब्रह्म देश तक भारत था लेकिन आज पूर्व भारत का एक ही भाग हमारे पास है !
आखिर क्यों??
1947 में देश का विभाजन हुआ ! धर्म के आधार पर यानी द्विराष्ट्रवाद के सिद्धांत पर जब देश का विभाजन हुआ उस समय भारत में तीन करोड़ मुसलमान थे! पश्चिमी पाकिस्तान में एक करोड़ हिन्दू और पूर्वी पाकिस्तान (बांग्लादेश) में 1.5 करोड़ हिन्दू थे, आज जब हम 67 वर्ष बाद विचार करते हैं तो पकिस्तान में हिंदुओं की संख्या केवल 8-10 लाख तथा बांग्लादेश में 60 लाख हिन्दू बचे हुए हैं! आखिर पाकिस्तान व बांग्लादेश के हिंदुओं का क्या हुआ ??
आसमान खा गया कि धरती निगल गयी, या तो उनका बलात् इस्लामीकरण कर दिया गया या वे मार दिए गए अथवा देश छोड़ने पर मजबूर हो गए! आज इन दोनों देशों में हिंदुओं की दुर्दशा हम आये दिन अखबारों में पढ़ते रहते हैं, दूसरी तरफ जहां भारत में तीन करोड़ मुसलमान थे आज वे 16 करोड़ हो गए हैं.
आये दिन सेकुलरिस्ट ये कहते नहीं थकते कि अल्पसंख्यकों पर अत्याचार हो रहा है, तो ये संख्या क्यों बढ़ रही है ! आज देश में सैकड़ों ऐसे स्थान हैं जहाँ हिंदुओं की बहन बेटियां सुरक्षित नहीं हैं! वे अपने ही देश में दो नम्बर के नागरिक बनने को मजबूर हैं! एक तरफ हम दो हमारे दो और दूसरी तरफ हम पांच हमारे पचीस--इस पर हिन्दू समाज को बिचार करना होगा नहीं तो हम कब तक देश का विभाजन होते देखेंगे,क्या हमें कश्मीर असम पश्चिम बंगाल और बिहार के हिंदुओं की दुर्दशा दिखाइ नहीं देती""""

इसके बाद एक चित्र बना कर सन् 2001 की जनगणना के आधार पर ये दर्शाने की कोशिश की गई है कि हिंदुओं की जनसंख्या वृद्धि दर घट रही है, जो 25 प्रतिशत से 20.प्रतिशत हो गयी है और मुसलमानों की जनसंख्या वृद्धि दर 34.5 प्रतिशत से 36 प्रतिशत हो गयी है।

ऐसे ज़हरीले साहित्यों के माध्यम से ये पुनीत कार्य दूसरे प्रदेशों में नहीं हो रहे होंगे शायद ही सम्भव हो सकता और इसी पर्दे के पीछे के असली अनधिकृत खेल को औपचारिक रूप से अधिकृत करने और आरएसएस के इस दुष्प्रचार को तर्कसंगत बना कर बल देने के लिए कल स्वर्ण सामन्ती और दलित अल्पसंख्यक विरोधी मीडिया ने अपना नैतिक सहयोग दिया है।
इससे पहले साध्वी प्राची साक्षी महाराज जैसे भाजपा नेताओं ने मौखिक विषबाण चला कर वातावरण तैयार किया। हिंदुओं को कितने बच्चे पैदा करने चाहिये जैसे प्रवचनों को भी मीडिया में खूब जगह मिली और अंततः उन बयानों को तर्कसंगत तौर पर इन खबरों के माध्ध्यम से प्रस्तुत किया गया..

ज्ञात हो कि ये जनगणना रिपोर्ट 2014 में ही प्रकाशित होनी थी। लेकिन अपने हर काम को सांप्रदायिक रंग दे कर सत्ता लोलुप भाजपा को आम जनता को गुमराह कर लाभ लेने में महारत हासिल है और इस रिपोर्ट को ठीक बिहार विधानसभा चुनाव से पहले प्रकाशित कर संप्रादयिक ध्रुवीकरण का लाभ लेने की योजना के तहत ही मीडिया को भागीदार बना कर इस अंदाज़ में प्रस्तुत किया गया। जातिगत आधारित जनगणना भी सार्वजनिक की जाए, तो कुछ और तस्वीर साफ़ हो सकती है। क्योंकि बहुसंख्यक वर्ग की कुछ जातियों में मुसलमानों की तुलना में जन्म दर अधिक है। जिसे चर्चा में लाना न्यायसंगत होगा।

(लेखक परिचय:

जन्म: 1 जनवरी 1981 को मुंगेर ( बिहार ) में

शिक्षा: मगध यूनिवर्सिटी बोधगया से एमबीए

सृजन: कुछ ब्लॉग और पोर्टल पर समसामयिक मुद्दों पर नियमित लेखन

संप्रति: अनहद से संबद्ध

संपर्क: mfshakeb@gmail.com)



read more...

रविवार, 16 अगस्त 2015

साइकिल पर कोयला लादकर बेचते हैं शहीद के वंशज


 
फोटो: माणिक बोस









आजादी की 68 वीं वर्षगांठ 


तीन शहीदों के गांव बदहाल




सैयद शहरोज़ क़मर की क़लम से


रांची के ओरमांझी प्रखंड से हुंड्रु फॉल जाने वाली सड़क भले चमचम हो, लेकिन कुटे बाजार से जब दायीं ओर सर्पीला रास्ता मुड़ता है, तो आदर्श गांव की कलई खुल जाती है। इसका भी पता चलता है कि हम अपनी विरासत को संजोए रख पाने में कितने असमर्थ साबित हुए हैं। यह गांव है खुदिया लोटवा, 8 जनवरी 1858 को देश की मुक्ति के लिए कुरबान हुए शहीद शेख भिखारी का गांव। उनकी मजार और उनके परिजन इस गांव की तरह ही बदरंग हैं। बदहाली की दूसरी और तीसरी कहानी शहीद टिकैत उमराव सिंह के गांव खटंगा और शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव के बड़कागढ़ की है। इन तीनों को जबकि कुछ साल पहले आदर्श गांव का तमगा मिला। लेकिन इनके खाते में आया है, बदहाल सड़कें, बजबजाती नालियां, टूटे चापाकल, बिजली की आंखमिचोनी व बेराजेगारी। शहीदों के परिवारों के लिए आर्थिक मदद के उद्देश्य से सन 1999 में रांची अलबर्ट एक्का चौक पर एक हंगामी बैठक हुई थी, उसी के बाद झारखंड सेनानी कोष बना, जिसके तेहत पांच करोड़ की राशिा जमा की तो गई है, पर इसका उपयोग आज तक नहीं हो सका है। शहीद विश्वनाथदेव के वंशजों में सबसे बुजुर्ग सदस्य हैं, राधेश्यामनाथ शाहदेव। उनके पिता लाल त्रिलोचननाथ शाहदेव भी स्वतंत्रता सेनानी थे। वे 1930 में जेल में भी रहे। उनकी राय में स्वतंत्रता सेनानी के नाम पर अधिकतर उन्हें ही सुविध व पेंशन मिली, जिन्होंने कभी समर में हिस्सा ही नहीं लिया।


साल भर पहले बनी खुदिया लोटवा की सड़क जगह-जगह उखड़ गई है। 2008 से एक कमरे में चल रहे प्राइमरी स्कूल को पिछले साल बड़ा भवन हालांकि मिल गया है। लेकिन कभी-कभार आने वाले हेड मास्टर और दो पारा शिक्षक ही इसे नसीब हो सके हैं। इसके बावजूद शेख साबिर जैसे शहीद के करीब दो सौ युवा वंशज अपने-अपने परिवार की उखड़ती जिंदगी को वापस खीचने के यत्न में लगे हैं। वे चितरपुर से साइकिल पर कोयला ढोकर लौटे हैं। एक दिन पहले गए थे। सुबह इसे उसी तरह साइकिल पर लादकर रांची में बेचने जाएंगे।


पेंशन की बाट जोहते थक चुकी हैं बूढ़ी आंखें

पांच सौ की आबादीवाले खुदिया लोटवा में शहीद शेख भिखारी के कुनबे में छोटे-बड़े सत्तर लोग हैं। यूं तो इनकी कई एकड़ जमीन है, लेकिन बंजर। रोजी रोटी के लिए मजदूरी के सिवा कोई चारा नहीं। कुछ खेतिहर जमीन है, जो बादल की मेहरबानी पर निर्भर है। मिट्‌टी के पैतृक घर के छोटे से दरवाजे पर शेख भिखारी की तलवार दिखाते शहीद परिवार के सबसे बुजुर्ग सदस्य पचासी वर्षीय शेख सुब्हान की आंखें पेंशन की बाट जोहते थक चुकी हैं। गांव में किसी के पास न लाल कार्ड है, न ही वृद्धा पेंशन का आसरा। कभी अंग्रेजों के विरुद्ध कड़ी जंग लड़ चुकी इस तलवार में गांव के समान ही ज़ंग लग चुकी है। इसे विकास की धार से छुड़ाने के प्रयास सरकारी दावे के सिवा कुछ नहीं।


मासिक तीन हजार से जलता है शहीद टिकैत के परिजनों के घर चूल्हा

शहीद शेख भिखारी ने शहीद टिकैत उमराव सिंह के साथ मिलकर अंग्रेजों की नाकाबंदी की थी। रांची को अंग्रेजों के चंगुल से आजाद करा लिया गया। इसमें उमराव के छोटे भाई घासी सिंह ने भी अहम रोल अदा किया था। लेकिन हरी-भरी वादियों में बसे जब शहीद के गांव खटंगा में उनके वंशजों से मिलना होता है, तो आजादी के दीवानों के प्रति सरकारी कर्तव्य की भूमिका उतना ही बंजर दिखाई देती है। इन रणबांकुरे का घर गिर चुका है। उसके सामने की भूमि को समतल कर शहीद के प्रपौत्र भरत भूषण और राजेंद्र सिंह सब्जी उगाने में लगे हैं। बड़े भाई के आय का साधन भी मजदूरी ही है। बीए करने के बाद तीन हजार मासिक की बड़े बेटे की प्रायवेट नौकरी रसोई की सहायक है।


आदर्श गांव की बदहाली का मजाक उड़ाता खुशनुमा संसद भवन

इन तीनों भाइयों के रहने के लिए सरकार ने इंदिरा आवास तो दिए, लेकिन परिवार के बच्चों की शिक्षा और रोजगार के कोई उपाय नहीं किए गए। शहीदों के वंशजों की आर्थिक काया शहीद शेख भिखारी के कुनबे की तरह ही जर्जर है। गांव में 1954 में बना प्राथमिक स्कूल मीडिल तो हो गया है। पर शिक्षकों की तादाद नहीं बढ़ाई गई है। स्कूल के पास शहीद टिकैत उमराव स्मारक के नाम पर महज एक चबूतरा है। खुदिया लोटवा व खटंगा में संसद भवन के नाम पर बनी खुशनुमा इमारत दोनों गांव की बदहाली का मजाक उड़ाती है। खटंगा में शहीद के परिजनों ने ही इसके लिए अपनी जमीन तक दी। लेकिन 2014 में बनकर तैयार भवन को उद्घाटन का इंतजार है।


शहीद ठाकुर विश्वनाथ के पैतृक घर पर बन गया कारखाना

97 गांव के ठाकुर रहे शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव का कुनबा अब बड़कागढ़ और कुटे में लशटमपश्टम जीवन को घसीट रहा है। इस रियासत की राजधानी रहे गांव सतरंजी को एचईसीएल के आने पर विस्थापन का दंश झेलना पड़ा। शहीद विश्वनाथ शाहदेव का पैतृक घर भी न बचा। उसके पास ही गोलचक्कर पर परिजनों के प्रयास से स्मारक 1991 में बन सका। वहीं भारममाता को फिरंगियों के चंगुल से आजाद कराने की लालसा में रांची में जिस कंदब के पेड़ पर उन्हें 16 अप्रैल, 1858 को फांसी दे दी गई थी, वो पेड़ भी बहुत पहले नष्ट हो गया। उस स्थान पर हाथ में क्रांति की मशाल थामे दो मजबूत हाथों की आकृति उनके बलिदान का स्मरण कराती है। परिवार के प्रवीरनाथ शाहदेव अमर शहीद ठाकुर विश्वनाथ शाहदेव अध्ययन केंद्र के माध्यम से उस स्वर्णिम समय को संरक्षित करने की कोशिश में लगे हैं।

आदर्श ग्राम के मॉडल स्कूल में जमीन पर पढ़ते हैं बच्चे

एचईसीएल, विधानसभा और अंतरराष्ट्रीय किक्रेट स्टेडियम की चकाचौंध के बीच स्वतंत्रता समर में जां लुटा चुके शहीद के परिजनों के घर जानेवाली सड़कें उतनी ही धुसर हैं। जगह-जगह टूटी। बीच-बीच में बहता नालियों का गंदा पानी। सन 57 के इतिहास के साक्षी रहे डेढ़ सौ वर्ष पुराने बड़ वृक्ष के पास मिले शहीद कुनबे के ठाकुर चितरंजन शाहदेव कहते हैं कि आदर्श गांव घोषित करने की जरूरत ही क्या थी। न गांव में वाटर सप्लाई पर्याप्त है, न ही बिजली। समूचे गांव में महज तीन ही वैपर लाइट लगी है। मुख्य सड़क के किनारे जगन्नाथपुर का राजकीयकृत मध्यविद्यालय है। इसे राज्य का मॉडल स्कूल का दर्जा हासिल है। यहां सबकुछ आदर्श है, लेकिन सबसे बड़ी कमी है। पर्याप्त बेंच-डेस्क का न होना। दस सेक्शन में बच्चे जमीन पर बैठकर पढ़ाई करने को विवश हैं।







फोटो: माणिक बोस
 भास्कर, रांची के 15 अगस्त 2015 के अंक में प्रकाशित




















read more...

सोमवार, 10 अगस्त 2015

डायन के नाम पर पांच महिलाओं की हत्या के बाद का तीन मंज़र



सैयद शहरोज़ क़मर की क़लम से





फोटो: रमीज़


शोक के समुंदर में डूबे मरईटोला की एकांत कथा


मांडर थाना से चंद क़दम पर वो कच्ची सड़क उस गांव का पता देती है, जिसकी दर्द भरी कहानी बहुत पुख्ता है। कंजिया के फैले हरे-भरे खेतों में काम करती महिलाएं रविवार को बिना गीता गाए रोपनी कर रही थीं। शोक गीत का अंतरा उनके अंदर कहीं रीत रहा होगा। इस गांव का ही तो विस्तार है, मरईटोला, जहां शुक्रवार को गहराती रात के साथ डूबी पांच महिलाओं की चीख ने कंजिया से लेकर मांडर तक सन्नाटे को भर दिया था। जिसके बादल रविवार शाम और घने थे। अखड़ा से पहले के पीपल पर टंगा तन्हा डोलता झूला दहशत को बढ़ाता ही मिला। शुक्रवार शाम तक गांव के बच्चों की ठिठोली इसके हिंडोले के साथ गगन चूम रही थी, लेकिन उसके रात में ढलते ही मानो गांव का यौवन ही ढल गया। कभी शीतल छांव देने वाले शाल, सखुवा, पीपल व कटहल के पेड़ की गहनता डरावनी हो चुकी है। आंगन में बिखरे पत्ते देख मदनी की बहू की आंखों में बादल उमड़ आया। उस रात गांव के लड़कों ने उनके घर की खुशियां ही तो बिखेर दीं। वो लड़के जो उनके पति करम देव के हमजोली थे। जो काकी, मौसी व चाची बोलते थकते नहीं थे, उन्हीं काकी की जान लेते उन्हें देर न लगी। करम बोला, कोन चाहेगा अब रहना यहां। पर जाएं, तो जाएं कहां।
गांव की चारों दिशाओं से चुनकर अबला पांच स्त्रियों के जिस्म को अंधविश्वास की धार से धड़ से अलग कर दिया गया था। धार की चमकती दहशत अब भी उनके बच्चों व परिजनों के चेहरे पर चमकती है। जिसे गौर से पढ़ा जाए तो साफ तहरीर दिख जाएगी, अब देस हुआ बेगाना। नशे में धुत युवाओं की पहली शिकार हुई एतवारी के दोनों बेटे सुकुमार व आशिष कहते हैं, नहीं रहेंगे भैया अब गांव में। बोलिये तो, दोस्त ने मां को मार दिया, अपने मामा ने ही उनका साथ दिया। मल्टी, मांडर, लुंडरी, नामकोम और जोरिया से आए रिश्तेदारों से घिरीं जसिंता की दोनों बेटियां अनिमा व अन्नू कहती हैं कि अब गांव में क्यों रहें, कैसे रहें। जब पड़ोसी ही, अपने भाई-चाचा ही दुश्मन बन बैठे। कभी ऐसा नहीं सोचा था। पर जब रात के साथ आफत पहुंची, तो उसने अंधेरे में भी अपनों के नंगापन को साफ दिखा दिया।
जसिंता के घर से पीछे से घूमकर जब गांव की चौहद्दी नाप भास्कर टोली घटनास्थल के पास पहुंची, तो लाठी टेक बार-बार चक्कर लगाती एक बुजुर्ग महिला से सामना हुआ, मानो समूचे गांव का बोझा उठाए हो। उधर, झूले के पास आकर बार-बार उसे निहारती बच्चों की टोलियां, फिर एक-दूसरे की आंखों में देख लौट गईं। मरईटोला का आज यही सच है, गांव के अधिकतर युवा गिरफ्तार हो चुके हैं, और कुछ फरार हैं। घरों में बुजुर्ग, औरते और बच्चे हैं। हर आंखें एक दूसरे में कुछ टटोलती हैं। कहती कुछ भी नहीं। कहना चाहती हैं कि उनके धुमकुड़िया की तरह गांव का परस्पर विश्वास महज एक रात के बवंडर में खंडहर कैसे हो गया।


एतवारी के बेटे थाना पहुंच जाते तो बच सकती थी मां

रांची। डायन बिसाही के आरोप में सेंदरा कर दी गईं पांच महिलाओं के दर्दनाक हादसे के तीसरे दिन के सन्नाटे को मरईटोला में कुछ यदि तोड़ता है, तो वो पुकार है, जो उनके बेटे व बेटियों के दिल से निकलती है। गांव में सबसे पहले विधवा मां-बेटी रतिया व तितरी का घर है। आंगन के तीन ओर घर बने हैं। इसके एक कमरे में मां-बेटी रहती थीं। रतिया के तीन बेटे बाहर रहते हैं। रांची में रह रहे छोटे बेटे परथो की पीड़ा है कि डेढ़ साल पहले छोटी सी जमीन को लेकर दिवंगत पिता एतवा खलखो के भाई भांवरा के पोतों सचिन व संदीप से गर नोकंझोंक न हुई होती, तो शायद इतनी बड़ी घटना न होती। हालांकि अब वो दोषियों को फांसी तक दिए जाने की मांग करते हैं। वो उस कमरे का दरवाजा दिखाते हैं, जिसे कुल्हाड़ी से तोड़कर संदीप व सचिन उनकी मां व बहन को ले गए। वे जब चिल्लाने लगीं, तो बड़ा बेटा शिबी आंगन में आए, पर उनके गर्दन पर भी भीड़ ने तलवार रख दी। वे दोनों चीखती रहीं, मिन्नतें करती रहीं, पर हिंसक भीड़ उन्हें पशु के समान खसीटते हुए, अखड़ा कटहल पेड़ के नीचे ले आई, फिर कटहल की तरह ही उनके टुकड़े कर डाले। हां उसके बाद उनके बेटे को जरूर बुलाया, देखो डायन बिसाहू का हश्र।
धुमकुड़िया के सामने चार बांस की दूरी पर बांसों के झुरमुट में मतियस खलखो का पक्का मकान है। लेकिन उसके दायीं ओर उनके छोटे भाई बरनाबस का मिट्‌टी का घर। मतियस व उनकी छोटी बेटी अन्नु की बस आंखें बोलती हैं। होली फैमिली में नर्स बड़ी बेटी अनिमा सिलसिलेवार कहानी कहते हुए उस रात के अंधकार को चीरती है। भैया जोसेफ फौज में हैं। मां जसिंता ने भले न पढ़ा हो, उसने हम सभी को पढ़ाया, जगरानी बारहवीं में, तो छोटी बहन अन्नु दसवीं में है। लेकिन उनके चाचा के लड़के पढ़ नहीं सके। यदि पढ़े होते, तो उस रात अपनी ही चाची की अंधविश्वास के नशे में आकर हत्या न करते। बीच-बीच में आंसू पोछते हुए, अनिमा कहती है, रात अचानक सभी आ धमके। मां को ढूंढने लगे। मैं मां के साथ सोयी थी। उन्हें जब घसीटने लगे, तो हमने विरोध किया। बाबा को पहले ही धक्का देकर वे अलग कर चुके थे, पर उनकी हिम्मत अब भी भीड़ से संघर्ष कर रही थी। मां को बाहर लाकर सामने के बांस के नीचे पीट-पीटकर अधमरा कर दिया। इसके बाद उसे घसीटते हुए, धुमकुड़िया तक जब ले जाने लगे, इस बीच बाबा ने मांडर, रातू, चान्हो व खलारी थाना फोन किया। कहीं पुलिस गश्त पर गई थी, तो कहीं का फोन बंद मिला। तो हम दोनों बहन ने चुपचाप से अपनी स्कूटी निकाली। पगडंडियों पर कुछ दूर ले जाने के बाद स्टार्ट की, ताकि आवाज न हो। मांडर थाना पहुंचे, पुलिस तुरंत हमें साथ लेकर गांव पहुंची। लेकिन उग्र भीड़ के भगाने पर जीप छोड़कर पुलिस भाग खड़ी हुई। जीप में हम दोनों बहन और चारों तरफ आक्रामक मजमा। वे लाठी-डंडों से हमें मारने-पीटने लगे। बाबा के सख्त हस्तक्षेप के बाद हम किसी तरह वहां से भागे। आगे बोली, अगर एतवारी के बेटे थाना पहले पहुंच जाते, तो उनकी मां की जान बच सकती थी। लेकिन उन्हें इतना संतोष है कि उन्होंने उन दो और औरतों को बचा लिया, जिन्हें भीड़ मारना चाहती थी। वे कौन औरतें हैं, इनके बारे में वे चुप हो गईं।



नहीं छटा अंधविश्वास का अंधेरा 

 
रांची। मराईटोला में सन्नाटा ही नहीं बोलता, एक चीज और बार-बार चीखती है, वो है अंधविश्वास। डायन बिसाहू के इल्जाम में पांच महिलाओं की हत्याओं के बावजूद अंधविश्वास का घटाटोप कायम है। जिनकी मां, बहन व पत्नी की हत्या की गई, वो सिरे से डायन-वायन जैसे किसी भी वजूद से इंकार करते हैं, लेकिन गांव के दूसरे बुजुर्ग व महिलाएं स्वीकार करती हैं कि डायन बिसाहू होती हैं। उनके अच्छे से गांव को उनकी बुरी नजर लग गई है। गांव के पुरुष तो दिखते नहीं। घरों में महिलाएं और बूढ़े ही रह गए हैं। इनमें से किसी से बात कर लीजिए, किसी को भी इन हत्याओं का पछतावा तक नहीं है। जबकि अस्सी से सौ घरों की इस बस्ती में साक्षरता दर बहुत अच्छी नहीं, तो खराब भी नहीं है। लड़कियां तक पढ़ रही हैं, जाॅब कर रही हैं।

अखड़ा के पास ही दो बुजुर्ग दंपती रहते हैं। उनमें से महिला तो तीखे ही लहजे में सवाल करती है कि कब तक चुप रहते। उन जैसे कई लोग हैं, जो घटना को सही नहीं, तो गलत भी नहीं कहते। भास्कर टीम ने कई लोगों से जानना चाहा कि आखिर वो ओझा या भक्त या भक्तिन कौन है, जिसने बताया कि गांव के तेरह वर्षीय छात्र विपीन की मौत पीलिया से नहीं, बल्कि डायन बिसाहू की करतूत थी। वो कौन है, जिसने बताया कि इसकी दोषी अमुक-अमुक महिलाएं ही हैं। कुछ लोगों ने यह तो बताया कि भक्तिन ने बताया था कि एतवारी ने बच्चे को खाया है। जब एतवारी को पकड़ा गया, तो उसने बाकी चार और महिलाओं के नाम बताए, जिनकी हत्याएं की गईं। लेकिन एतवारी का नाम बताने वाली भक्तिन कौन थी, इसपर हर जबान चुप।


फोटो: रमीज़













भास्कर, रांची के 10 अगस्त 2015 के अंक में प्रकाशित



read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)