बहुत पहले कैफ़ी आज़मी की चिंता रही, यहाँ तो कोई मेरा हमज़बाँ नहीं मिलता। इससे बाद निदा फ़ाज़ली दो-चार हुए, ज़बाँ मिली है मगर हमज़बाँ नहीं मिलता। कई तरह के संघर्षों के इस समय कई आवाज़ें गुम हो रही हैं. ऐसे ही स्वरों का एक मंच बनाने की अदना सी कोशिश है हमज़बान। वहीं नई सृजनात्मकता का अभिनंदन करना फ़ितरत.

सोमवार, 22 दिसंबर 2014

41 अनाम शवों की अंत्येष्टि में रो पड़ा रांची का जुमार पुल भी

संवेदनाएं शेष हैं अभी
















शहरोज़ @  जुमार पुल

तब अंग्रेजों का समय था। आवागमन भी कम था। तभी जुमार नदी को पार करने के लिए मेसरा के पास मुझे(जुमार पुल)बनाया गया। जब  घोड़ों पर सवार आजादी के दीवाने की टोलियां इधर से गुजरती थीं, तो मेरी छाती चौड़ी हो जाया करती थी। रविवार को जब मुर्दा कल्याण समिति, हजारीबाग के मोहम्मद खालिद और मुक्ति रांची के प्रवीण लोहिया की टीम पहुंची, तो छाती फिर चौड़ी हो गई। लगा शहीद उमराव टिकैत और शहीद शेख भिखारी की टोली आई हो। देश के उन बांकुरों ने जहां विदेशी शासन से मुक्ति दी और कल्याण का मार्ग प्रशस्त किया। वहीं इन युवाओं ने आज अनाम 41 शवों की अंत्येष्टि कर उनकी  आत्माओं को मुक्ति दी। इनमें दो महिलाओं के शव भी थे। पुलकित मैं तब भी हुआ था, जब सितंबर 2010 में खालिद व तापस ने मिलकर पचास अनाम शवों का एक साथ अंतिम संस्कार किया था। लेकिन तब सिर्फ हजारीबाग के नेक लोग थे, आज रांची के युवाओं की संवेदनशीलता उनके इंसानी जज्बे से लबरेज थी।

शोक में गिरे पेड़ों के पत्ते
 
 सुबह ही मुर्दा कल्याण समिति की टीम हजारीबाग से रिम्स, रांची पहुंच गई थी। जाति, धर्म और संप्रदाय के दायरे को लांघ कर मुर्दाघर में शवों को बाहर निकालने के लिए खालिद, डॉ. राजेंद्र हाजरा, मुकेश, रोहित, धनंजय व गौतम आदि आगे आए। रिम्स के किसी कर्मचारी के नहीं रहने और बिजली के अभाव ने भी इनके दायित्व निर्वहन में कमी न आने दी। कटे-छंटे मुर्दा जिस्मों में रसायनिक लेप लगाया गया। सभी शवों को पैक किया गया। वहीं इनकी मदद कर माला पांडेय, रचना बाड़ा और राखी कुमारी ने ममत्व को चरितार्थ किया। कई वाहनों पर 41 अनाम लाशों को लेकर जब टीम दिन के 1:45 बजे श्मसान घाट पहुंची, तो हमारी आंखें नम हो गईं। वहीं आसपास के पेड़ों से झर-झर पत्ते गिरने लगे। नदी का पानी भी कल-कल करने लगा।

नहीं पहुंचा कोई सरकारी नुमाइंदा
इधर,  प्रवीण लोहिया,अमरजीत गिरधर, आशीष भाटिया, दीपक लोहिया, पंकज चौधरी, परमजीत सिंह टिकु और हरीश नागपाल आदि मुक्ति के ढेरों सदस्य पहले ही चिता के लिए एक 407 और दो ट्रैक्टर से लकड़ी और तेल ,धूप आदि अन्य सामान के साथ घाट पर तैयार थे। शव यात्रा के पहुंचते ही सभी ने जनाजे को वाहन से उतारा। अरविंद, निजाम, तापस आदि ने चिता सजाई। शवों को उसपर लिटाने के बाद सभी ने पुष्पांजलि अर्पित की। चिता की परिक्रमा के बाद सुनील, फिरोज व मेराज ने इन्हें मुखाग्नि दी, तो सभी आंखें डबडबा गईं। ये सभी शव उनके थे, जो अलग-अलग हादसों में मारे गए। वे कहां के थे। किन-किन गांव-शहरों में उनका बचपन मुस्कुराया, जवानी की उमंग ने कहां अंगड़ाई ली, तो मौत उन्हें कहां से कहां ले आई। ये कोई नहीं जानता। कहीं उनके भाई इन्हें ढूंढ रहे होंगे, तो कहीं उनके मां-पिता की आंखें इंतजार में पत्थर हो चुकी होंगी। कोई मासूम पापा-पापा की रट लगाए रोज मां की गोद में सो जाता होगा। प्रशासन ने उनके दाह-संस्कार की अनुमति जरूर दी, पर उसका कोई प्रतिनिधि उन्हें नमन करने तक नहीं पहुंचा।


भास्कर झारखंड के 22 दिसंबर 2014 के अंक में प्रकाशित
 
   
read more...

रविवार, 14 दिसंबर 2014

नीलेश रघुवंशी को मिला शैलप्रिया स्मृति सम्मान



















बहुमुखी सृजनशीलता के लिए मशहूर युवा कवयित्री व लेखिका नीलेश रघुवंशी को रविवार को रांची में दूसरे शैलप्रिया स्मृति सम्मान से अलंकृत किया गया। वन सभागार, डोरंडा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि ख्यात लेखिका अलका सरावगी ने उन्हें मान पत्र से नवाज़ा। उन्हें पंद्रह हजार रुपए की राशि पुरस्कार स्वरूप भेंट की। गौरतलब है कि रांची की प्रतिभावान कवयित्री शैलप्रिया का 1 दिसंबर 1994, को महज 48 साल की उम्र में कैंसर से जूझते हुए निधन हो गया था। गत वर्ष उनके परिजनों ने शैलप्रिया स्मृति न्यास का गठन किया। पहला शैलप्रिया सम्मान निर्मला पुतुल को दिया गया था। शैलप्रिया के पुत्र व कवि-पत्रकार प्रियदर्शन ने कहा कि शैलप्रिया के सरोकारों से लैस नीलेश रघुवंशी जीवन की भट्ठी से निकली हुई रचनाकार हैं। हाशिये के लोगों के पक्ष में उनकी रचना खड़ी होती है। शैलप्रिया के छोटे  बेटे व कवि-पत्रकार  अनुराग अन्वेषी ने मान पत्र पढ़कर सुनाया। लेखकीय वक्तव्य में नीलेश ने सोचना आैर होना, हाय दइया, हुट जाएं, पिता की स्मृति में, सांकल, बेखटके और खेल का मैदान शीर्षक कविताओं का पाठ किया। अंतिम कविता में उन्होंने कहा, मैं बेखटके जीना चाहती हूं। आदिवासी लेखक और न्यास के सदस्य महादेव टोप्पो ने कहा कि भविष्य में अन्य भाषाओं में भी  स्त्री लेखन को सम्मानित किया जाएगा। अध्यक्षता सुख्यात उपन्यासकार मनमोहन पाठक ने की, वहीं पहले सत्र का संचालन सुशील अंकन ने किया।

महिला लेखन का बदलता परिदृश्य
दूसरे सत्र में समकालीन महिला लेखन का बदलता परिदृश्य विषय पर हिस्सा लेते हुए रविभूषण ने कहा कि इंदिरा गांधी जबकि बरसों तक प्रधानमंत्री रहीं, लेकिन उनकी मृत्यु के बाद स्त्री लेखन ज्यादा सामने आया। इसमें हंस और राजेंद्र यादव की भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। हंस ने दलित और महिला लेखन को प्रमुखता दी। नवउदारवादी अर्थव्यवस्था में स्त्री लेखन अधिक मुखर हुआ। महिलाओं ने कई विधाओं में अभिव्यक्त करना शुरू किया। प्रियदर्शन बोले कि परंपरा व आधुनिकता दोनों स्त्री विरोधी हैं। परंपरा घर में बंद कर, तो आधुनिकता बाजार में खड़ा कर स्त्री को मारना चाहती है। कलिकथा बायपास जैसे अपने चर्चित उपन्यास के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार पा चुकीं अलका सरावगी ने लेखन स्त्री या पुरुष नहीं होता। स्त्री लेखन के नाम से कहीं हमारा एक घेटो तो नहीं बनाया जा रहा है। ठीक है कि स्त्री कई स्तरों पर शोषित है। लेकिन स्त्री सिर्फ स्त्री जीवन पर ही क्यों लिखे। वह इससे इतर संसार पर क्यों न लिखे। नीलेश ने महिला लेखन को अलग खांचे में देखे जाने से इंकार किया। कहा कि गांवों में स्त्रियों को आजादी मिल रही है, वहीं साहित्य में संघर्ष जारी है। राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष व लेखिका महुआ माजी ने अपने दोनों उपन्यास के मार्फत अपनी बात शुरू की। कहा कि उन्होंने पुरुष पात्रों के माधम से स्त्री जीवन को दिखाने की कोशिश की है। हालांकि उन्होंने जानबूझकर नहीं किया, लेकिन उनके स्त्री किरदार शोषित नहीं, बल्कि पुरुष को प्रताड़ित करते हैं।

शैलप्रिया की बिटिया की किताब हुई  लोकार्पित

अंतिम सत्र में अनामिका प्रिया की आलोचना पुस्तक हिंदी का कथा साहित्य और झारखंड लोकार्पित की गई। इसका प्रकाशन क्राउन बुक ने किया है। इस पर रांची विवि के प्रो. मिथिलेश ने बोलते हुए कहा कि यह किताब हिंदी साहित्य के कई अनजाने तथ्य सामने लाती है। । मौके पर विद्याभूषण, हरेराम त्रिपाठी चेतन, अशोक प्रियदर्शी, बालेंदु शेखर तिवारी, डॉ. माया प्रसाद, शैलेश पंडित, दिलीप तेतरवे, कलावंती, डॉ. भारती कश्यप, एमजेड खान, कामेश्वर श्रीवास्तव निरंकुश, रश्मी शर्मा, शिल्पी, अालोका, सुनील भाटिया, जसिंता और प्रशांत गौरव आदि ढेरों साहित्य प्रेमी मौजूद थे।

नीलेश की रचना यात्रा काफी विपुल और बहुमुखी: निर्णायक मंडल
 इस सम्मान के निर्णायक मंडल में रविभूषण, महादेव टोप्पो और प्रियदर्शन शामिल थे। इन्होने  कहा  है, ‘नब्बे के दशक में अपनी कविताओं से हिंदी के युवा लेखन में अपनी विशिष्ट पहचान बनाने वाली कवयित्री नीलेश रघुवंशी की रचना यात्रा पिछले दो दशकों में काफी विपुल और बहुमुखी रही है। इसी दौर में भूमंडलीकरण के चौतरफ़ा हमले में जो घर, जो समाज, जो कस्बे अपनी चूलों से उख़ड़ रहे हैं, उन्हें नीलेश रघुवंशी का साहित्य जैसे फिर से बसाता है। जनपक्षधरता उनकी राजनीतिक प्रतिबद्धता भर नहीं, उनकी रचना का स्वभाव है जो उनके जीवन से निकली है। कमजोर लोगों की हांफती हुई आवाज़ें उनकी कलम में नई हैसियत हासिल करती हैं। 2012 में प्रकाशित उनके उपन्यास ‘एक कस्बे के नोट्स’ के साथ उनके लेखकीय व्यक्तित्व का एक और समृद्ध पक्ष सामने आया है। समकालीन हिंदी संसार में यह औपन्यासिक कृति अलग से रेखांकित किए जाने योग्य है जिसमें एक कस्बे के भीतर बेटियों से भरे एक मेहनतकश घर की कहानी अपनी पूरी गरिमा के साथ खुलती है। कहना न होगा कि इस पूरे रचना संसार में स्त्री-दृष्टि सक्रिय है जो बेहद संवेदनशील और सभ्यतामुखी है।‘


नीलेश : इक नज़र
जन्म: 4 अगस्त 1969, गंज बासौदा (म.प्र.)
सृजन: घर-निकासी, पानी का स्वाद, अंतिम पंक्ति में (कविता संग्रह ), एक कस्बे के नोट्स (उपन्यास),  छूटी हुई जगह (स्त्री कविता पर नाट्य आलेख), अभी ना होगा मेरा अंत  (निराला पर नाट्य आलेख), ए क्रिएटिव लीजेंड (सैयद हैदर रजा एवं ब. व. कारंत पर नाट्य आलेख), एलिस इन वंडरलैंड,  डॉन क्विगजोट,  झाँसी की रानी (बाल नाटक )
सम्मान: भारत भूषण अग्रवाल पुरस्कार, आर्य स्मृति साहित्य सम्मान, दुष्यंत कुमार स्मृति सम्मान, केदार सम्मान, शीला स्मृति पुरस्कार, युवा लेखन पुरस्कार (भारतीय भाषा परिषद, कोलकाता), डीडी अवार्ड 2003 और 2004
संप्रति: भोपाल दूरदर्शन से सम्बद्ध 

भास्कर के  15 दिसंबर 2014 के अंक में संपादित अंश प्रकाशित
read more...

गुरुवार, 11 दिसंबर 2014

भगवद गीता वाया सुषमा @ संघ






 









कॅंवल भारती की क़लम से 




गीता पर ख़तरनाक  राजनीति


तवलीन सिंह वह पत्रकार हैं, जिन्होंने लोकसभा चुनावों में नरेन्द्र मोदी के पक्ष में लगभग अन्धविश्वासी पत्रकारिता की थी। लेकिन अब वे भी मानती हैं कि ‘मोदी सरकार ने जब से सत्ता सॅंभाली है, एक भूमिगत कट्टरपंथी हिन्दुत्व की लहर चल पड़ी है।’ उनकी यह टिप्पणी साध्वी निरंजन ज्योति के ‘रामजादे-हरामजादे’ बयान पर आई है। लेकिन इससे कोई सबक लेने के बजाए यह भूमिगत हिन्दू एजेण्डा अब ‘गीता’ के बहाने और भी खतरनाक साम्प्रदायिक लहर पैदा करने जा रहा है। 
मोदी सरकार की विदेश मन्त्री सुषमा स्वराज ने हिन्दू धर्म ग्रन्थ गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित करने की मांग की है। उन्होंने गीता की वकालत में यह भी कहा है कि मनोचिकित्सकों अपने मरीजों का तनाव दूर करने के लिए उन्हें दवाई की जगह गीता पढ़ने का परामर्श देना चाहिए। इससे भी खतरनाक बयान हरियाणा के मुख्यमन्त्री मनोहरलाल खटटर का है, जिन्होंने यह मांग की है कि गीता को संविधान से ऊपर माना जाना चाहिए। इसका साफ मतलब है कि खटटर भारतीय संविधान की जगह गीता को भारत का संविधान बनाना चाहते हैं।

दरअसल, मोदी के प्रधानमन्त्री बनते ही संघपरिवार का हिन्दुत्व ऐसी कुलांचे मार रहा है, जैसे उसके लिए भारत हिन्दू देश बन गया है और नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत में पेशवा राज लौट आया है। शायद इसीलिए गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित करने की मांग करके संघपरिवार और भाजपा के नेता भारत को पाकिस्तान बनाना चाहते हैं। जिस तरह पाकिस्तान में कटटर पंथियों के दबाव में ईश-निन्दा कानून बनाया गया है, और उसके तहत अल्लाह और कुरान की निन्दा करने वालों के विरुद्ध फांसी तक की सजा का प्राविधान है, जिसके तहत न जाने कितने बेगुनाहों को वहां अब तक मारा जा चुका है। ठीक वही स्थिति भारत में भी पैदा हो सकती है, यदि कटटर हिन्दुत्व के दबाव में गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित कर दिया जाता है। शायद कटटरपंथी हिन्दू पाकस्तिान जैसे ही खतरनाक हालात भारत में भी पैदा करना चाहते हैं, क्योंकि गीता के राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित होने का मतलब है, जो भी गीता की निन्दा करेगा, वह राष्ट्र द्रोह करेगा और जेल जाएगा। इस साजिश के आसान शिकार सबसे ज्यादा दलित और आदिवासी होंगे, क्योंकि ये दोनों समुदाय गीता के समर्थक नहीं हैं। इसके तहत अन्य अल्पसंख्यक, जैसे मुस्लिम, ईसाई और सिख समुदाय भी हिन्दू कटटरपंथियों के निशाने पर रहेंगे। वैसे इस खतरनाक मुहिम की शुरुआत नरेन्द्र मोदी ने ही जापान के प्रधानमन्त्री को गीता की प्रति भेंट करके की थी।

सवाल यह भी गौरतलब है कि गीता में ऐसा क्या है, जिस पर आरएसएस और भाजपा के नेता इतने फिदा हैं कि उसे राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित करना चाहते हैं? सुषमा जी कहती हैं कि उससे मानसिक तनाव दूर होता है। मानसिक तनाव तो हर धर्मग्रन्थ से दूर होता है। ईसाई और मुस्लिम धर्मगुरुओं की मानें, तो बाइबिल और कुरान से भी तनाव दूर होता है। सिखों के अनुसार ‘गुरु ग्रन्थ साहेब’ के पाठ से भी तनाव दूर होता है। अगर तनाव दूर करने की विशेषता से ही गीता राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित होने योग्य है, तो बाइबिल, कुरान और गुरु ग्रन्थ साहेब को भी राष्ट्रीय ग्रन्थ क्यों नहीं घोषित किया जाना चाहिए। लेकिन, यहाँ यह तथ्य भी विचारणीय है कि बाइबिल, कुरान और गुरु ग्रन्थ साहेब में सामाजिक समानता का जो क्रान्तिकारी दर्शन है, क्या वैसा क्रन्तिकारी दर्शन गीता में है? क्या गीता के पैरोकार यह नहीं जानते हैं कि गीता में वर्णव्यवस्था और जातिभेद का समर्थन किया गया है और उसे ईश्वरीय व्यवस्था कहा गया है? यदि गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ बनाया जाता है, तो क्या वर्णव्यवस्था और जातिभेद भी भारत की स्वतः ही राष्ट्रीय व्यवस्था नहीं हो जाएगी? क्या आरएसएस और भाजपा के नेता इसी हिन्दू राष्ट्र को साकार करना चाहते हैं, तो उन्हें समझ लेना चाहिए कि भारत में लोकतन्त्र है और जनता ऐसा हरगिज नहीं होने देगी।

यह भी कहा जा रहा है कि भाजपा के नेताओं का गीता-शिगूफा यादव समाज को, जो अपने को कृष्ण का वंशज मानता है, भाजपा के पक्ष में धु्रवीकृत करने की सुनियोजित राजनीति है। उत्तर प्रदेश और बिहार में यादवों की काफी बड़ी संख्या है, जो वर्तमान राजनीति में मुलायम सिंह यादव और लालू प्रसाद यादव के वोट बैंक बने हुए हैं। लेकिन आरएसएस और भाजपा के नेता प्रतीकों की जिस राजनीति में अभी भी जी रहे हैं, उसका युग कब का विदा हो चुका है। आज की हिन्दू जनता 1990 के समय की नहीं है, जो थी भी, उसमें भी समय के साथ काफी परिवर्तन आया है। कुछ मुट्ठीभर कटटरपंथियों को छोड़ दें, तो आज के समाज की मुख्य समस्या शिक्षा, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की है, मन्दिर और गीता-रामायण की नहीं है। अतः यदि भाजपा गीता के सहारे यादव समाज को लक्ष्य बना रही है, तो उसे सफलता मिलने वाली नहीं है। (8 दिसम्बर 2014)






गीता, कृष्ण और भाजपा

ऐसा लगता है कि आरएसएस और भाजपा ने उत्तर भारत के यादवों को पार्टी से जोड़ने के लिए ‘गीता’ का कार्ड खेला है। इसमें उन्हें सफलता तो मिलनी नहीं है, पर इस बहाने गीता, कृष्ण और यादव बहस के केन्द्र में जरूर आ गए हैं।

1.
पूर्ण बहुमत की सत्ता में आते ही आरएसएस और भाजपा के नेताओं को लगने लगा कि ‘गीता’ को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित किया जाना चाहिए। इससे पहले ऐसी आवाज न उठी थी और न उठाने की उन्होंने हिम्मत की थी। चूँकि प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी ने इस अलोकतान्त्रिक मांग का विरोध नहीं किया है, इसलिए यह मानना होगा कि उनकी स्वीकृति भी इस खेल में है, अन्यथा क्या मजाल कि सुषमा स्वराज गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित करने की मांग करें और मरीजों को गीता पढ़ाने का परामर्श देने के लिए मनोचिकित्सकों को कहें। और, क्या मजाल हरियाणा के मुख्यमन्त्री मनोहर लाल खटटर की कि वे यह बेहूदा वक्तव्य दें कि गीता का स्थान भारत के संविधान से ऊपर होना चाहिए। यह दो नेताऔं का खेल नहीं है, वरन् इसके पीछे एक सोची-समझी योजना काम कर रही है। कोई खटटर से पूछे कि क्यों होना चाहिए संविधान से ऊपर गीता का स्थान? इसका कोई तार्किक जवाब है उनके पास? अगर होगा भी, तो वही रटटू तोता वाला घिसा-पिटा जवाब कि यह आस्था का सवाल है, कि आस्था संविधान से ऊपर होती है, और यह कि गीता पर करोड़ों हिन्दुओं की आस्था है। अब आस्था है, तो क्या उसे संविधान से ऊपर कर दोगे? संविधान में आस्था का कोई महत्व नहीं है क्या? जब इसी आस्था का तर्क देकर कोई कटटरपंथी मुसलमान अपने कुरान को संविधान से ऊपर बताता है, तो आरएसएस और भाजपा के लोग ही ज्यादा हाय-हाय करते हैं।

2.
सुषमा स्वराज के भी तर्क देखिए, कितने हास्यास्पद हैं! वे कहती हैं कि गीता को पढ़ने से मानसिक तनाव दूर होता है, शान्ति मिलती है। तनाव से मुक्ति और शान्ति तो कुरान को पढ़ने से भी मिलती है, बाइबिल को पढ़ने से भी मिलती है और गुरुग्रन्थ साहेब का पाठ करने से भी मिलती है। इस बात की तस्दीक मुसलमानों, ईसाईयों और सिक्खों से की जा सकती है। अगर वे इसकी तस्दीक कर दें, तो सुषमा जी गीता के साथ ही कुरान, बाइबिल और गुरुग्रन्थ साहेब को भी राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित कर दीजिए। क्या कर सकेंगी ऐसा?

3.
एक सवाल मेरे जहन में यह पैदा हो रहा है कि अगर मोदी सरकार ने गीता को राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित कर दिया, हालांकि ऐसा होना सम्भव नहीं है, तो क्या हो सकता है? मेरा जवाब यह है कि अगर ऐसा हुआ, तो भारत में पाकिस्तान जैसे फासीवादी हालात पैदा हो जाएंगे । जिस तरह वहाँ कटटरपंथियों के दबाव में ईश-निन्दा कानून बना है, जिसकी आड़ में वहाँ के मौलवी अपने विरोधियों पर ईश-निन्दा करने का इलजाम लगाकर उन्हें ठिकाने लगवा देते हैं, उसी तरह की स्थिति भारत में हो भी जाएगी। यहाँ भी गीता की निन्दा करने वाले को राष्ट्र-द्रोह के अपराध में जेल में डाल दिया जाएगा। इसकी आड़ में कटटरपंथी हिन्दू अपने विरोधियों को ही ठिकाने लगाने का काम करेंगे और उनकी हिंसा के आसान शिकार दलित और आदिवासी ही ज्यादा होंगे, क्योंकि वे स्वयं को हिन्दू फोल्ड में नहीं मानते हैं। उनकी हिंसा की जद में मुसलमान और ईसाई तो पहले से ही हैं, तब वे और भी उनके निशाने पर आ जाएंगे।

4.
चूँकि ब्राह्मणों ने कृष्ण की असुर-विरोधी छवि पहले ही बनाई हुई है, इसलिए आरएसएस उसी का लाभ उठा रही है। उसके सारे कथावाचक आजकल इसी अभियान में लगे हुए हैं। कल ही मेरे शहर के एक ग्रामीण अंचल में कथावाचिका मंजू शास्त्री प्रचार कर रही थीं कि असुरों ने पृथ्वी पर देवताओं का जीना मुश्किल कर दिया था, जिनके विनाश के लिए कृष्ण को जन्म लेना पड़ा था। यह एक ऐसा मिथ्या प्रचार है, जिसका कृष्ण के जीवन से कोई सम्बन्ध नहीं है। ब्राह्मणों ने कंस के संहारक के रूप में जिस कृष्ण को पुराणों में गढ़ा है, वे वास्तविक नहीं हैं। वास्तविक कृष्ण इन्द्र विरोधी, आर्य विरोधी, देवता विरोधी और उनकी पशुबलि तथा यज्ञ-संस्कृति के विरोधी थे। कृष्ण का जिस इन्द्र से भयानक संघर्ष चला था, उसका वर्णन कोई कथावाचक नहीं करता। आरएसएस के इतिहासकार भी इसे बताना नहीं चाहते। अगर वे उसे बता देंगे, तो कृष्ण के नाम से जो मिथकीय लीलाधाम उन्होंने खड़ा किया है, वह ताश के पत्तों की तरह बिखर जाएगा और उसी के साथ उनका भोगेश्वर भी समाप्त हो जाएगा।
कृष्ण पाण्डवों का समकालीन समझे जाते हैं, पर यह भूल है। धर्म-दर्शन और इतिहास के महाविद्वान धर्मानन्द कोसम्बी ने अपने ग्रन्थ ‘भारतीय संस्कृति और अहिंसा’ (1948) में लिखा है कि कुरु देश में कौरवों और पाण्डवों का साम्राज्य होना और उसी के पड़ोस में, उसी समय, कंस का साम्राज्य होना सम्भव ही नहीं है। उनके अनुसार, महाभारत में कंस और कौरवों का कोई भी सम्बन्ध नहीं दिखाया गया है। पौराणिक काल में कृष्ण की और पाण्डवों की कथाओं का मिश्रण किया गया, पर उसे विश्वसनीय मानने के लिए कोई आधार नहीं है। कोसम्बी लिखते हैं कि कृष्ण गोरक्षक थे, जबकि इन्द्र के यज्ञों में गोहत्या होती थी। इसी गोहत्या को रोकने के लिए कृष्ण ने इन्द्र के साथ युद्ध किया था, जिसमें इन्द्र की पराजय हुई थी। कोसम्बी ने लिखा है कि यदि कृष्ण ने इन्द्र की अधीनता स्वीकार करके उसके नाम से यज्ञ-याग आरम्भ कर दिए होते, तो कृष्ण भी दिवोदास की तरह ऋग्वेद के एक प्रसिद्ध व्यक्ति होते। पर, गायें मारकर यज्ञ करना कृष्ण को पसन्द नहीं था, इसलिए इन्द्र ने उन्हें शत्रु माना और उनकी गणना असुर-राक्षसों में की गई। लेकिन कोसम्बी कहते हैं कि मध्य हिन्दुस्तान में कृष्ण की पूजा बराबर जारी थी। इसीलिए ब्राह्मण उन्हें अवतार बनाने पर मजबूर हुए, पर उनका विकृतीकरण करके। कोसम्बी के अनुसार, दास और आर्यों के संघर्ष से उत्पन्न बलिपूर्वक यज्ञ करने की प्रथा का एकमात्र विरोधी देवकीनन्दन कृष्ण ही था।
कोसम्बी के अन्य विवरण से पता चलता है कि सप्तसिंधु प्रदेश पर कब्जा करने के बाद जब इन्द्र पूर्व की ओर बढ़ा, तो उसका सामना कृष्ण से ही हुआ था। कृष्ण ने दस हजार सेना के साथ अंशुमति नदी के समीप, जहाँ उनकी छावनी थी, इन्द्र से मुकाबला किया था। इसका उल्लेख ऋग्वेद के आठवें मण्डल में सूक्त 85 में मिलता है। यहाँ कृष्ण को ‘तेज चलने वाला असुर’ कहा गया है। कृष्ण की व्यूह रचना जबरदस्त थी, जिससे इन्द्र को पराजय का सामना करना पड़ा था। इससे बौखला कर इन्द्र ने कृष्ण के देश में एक प्रसूतिगृह में घुसकर वहाँ सभी गर्भवती स्त्रियों को मार डाला था। भागवत के दशवें स्कन्ध से यह भी पता चलता है कि इन्द्र ने कृष्ण समर्थक कुछ अन्य स्त्रियों पर तेज पानी की बारिश करके (धार छोड़कर) उन्हें मारने की कोशिश की थी, तब कृष्ण ने गोवर्धन पर्वत उठाकर (स्त्रियों को किसी पर्वत की आड़ में ले जाकर) उनकी रक्षा की थी। ये वर्णन बताते हैं कि जो कृष्ण स्वयं असुर या अनार्य थे, वह असुरों का वध कैसे कर सकते थे?

5.
यह भी देख लेना चाहिए कि क्या गीता से कृष्ण का कोई सम्बन्ध बनता है? गीता गुप्तकाल में किसी समय लिखी गई रचना है, जिसे बाद में महाभारत में जोड़ा गया होगा। गीता की रचना से कृष्ण का कोई भी सम्बन्ध नहीं है। कृष्ण का समय ऋग्वेद का समय है, जबकि गीता के अध्याय 13 के चैथे श्लोक में ‘ब्रह्मसूत्रपदैश्चैव हेतुमöिर्विनिश्चितैः’ में ‘ब्रह्मसूत्र’ का उल्लेख स्वयं बताता है कि गीता की रचना ‘ब्रह्मसूत्र’ के बाद हुई थी। ‘ब्रह्मसूत्र’ के रचयिता वादरायण माने जाते हैं, जिनका समय 300 ई. था। वह जैमिनी के समकालीन थे। पौराणिक परम्परा वादरायण और वेदव्यास को एक मानती है और पांच हजार साल पहले के महाभारत काल में ले जाती है, पर राहुल सांकृत्यायन कहते हैं कि इसका खण्डन स्वयं वेदान्त सूत्रकार के सूत्र करते हैं, जिनमें सिर्फ बुद्ध के दर्शन का ही नहीं, बल्कि उनकी मृत्यु (483 ई.पू.) से छह-सात सदियों से भी पीछे अस्तित्व में आने वाले बौद्ध दार्शनिक सम्प्रदायों- वैभाषिक, योगाचार, माध्यमिक- का खण्डन है। बुद्धवचनों में, जो ऐतिहासिक माने जाते हैं, कहीं भी राम-रावण और कृष्ण-कंस का जिक्र नहीं है, पर पांचवी शताब्दी में लिखी गईं अट्ठकथाओं में जरूर उनका उल्लेख मिलता है। इस प्रकार  गीता चैथी या पांचवी सदी की रचना होनी चाहिए, जिसका देवकीनन्दन कृष्ण से कोई ऐतिहासिक मेल नहीं बैठता है।

6.
गीता का धर्म वर्णव्यवस्था और जातिभेद का धर्म है। गीता में कृष्ण के मुॅंह से अध्याय 4 के श्लोक 13 में कहलवाया गया है कि ‘चातुर्वर्ण व्यवस्था का कर्ता मैं ही हूॅं, यह मेरे द्वारा ही रचा गया है।’ दूसरे शब्दों में गीता में वर्णव्यवस्था ईश्वरीय व्यवस्था है। ऐसे ग्रन्थ को अगर राष्ट्रीय ग्रन्थ घोषित कर दिया जाता है तो वर्णव्यवस्था भी स्वतः ईश्वरीय व्यवस्था घोषित हो जाएगी, जबकि कृष्ण की वर्णव्यवस्था में कोई आस्था नहीं थी। (9 दिसम्बर 2014) 

कॅंवल भारती हमज़बान में भी
 

(लेखक-परिचय:
प्रगतिशील -अम्बेडकरवादी विचारक, कवि, आलोचक और पत्रकार
जन्म: 4 फ़रवरी 1953 को उत्तर प्रदेश के रामपुर  में
शिक्षा: स्नात कोत्तर
सृजन: पंद्रह वर्ष की उम्र से  ही कविताई। दलित इतिहास, साहित्य,  राजनीति और पत्रकारिता पर हिंदी में अब तक 40 पुस्तकें प्रकाशित.
ब्लॉग:   कँवल भारती के शब्द 
संप्रति: स्वतंत्र लेखक व पत्रकार
संपर्क: kbharti53@gmail.com) 


   

 
read more...

सोमवार, 8 दिसंबर 2014

अयोध्या : एक तहज़ीब के मर जाने की कहानी


  









वसीम अकरम त्यागी की क़लम से

कहते हैं अयोध्या में राम जन्मे. वहीं खेले-कूदे बड़े हुए. बनवास भेजे गए. लौट कर आए तो वहां राज भी किया. उनकी जिंदगी के हर पल को याद करने के लिए एक मंदिर बनाया गया. जहां खेले, वहां गुलेला मंदिर है. जहां पढ़ाई की वहां वशिष्ठ मंदिर हैं. जहां बैठकर राज किया वहां मंदिर है. जहां खाना खाया वहां सीता रसोई है. जहां भरत रहे वहां मंदिर है. हनुमान मंदिर है. कोप भवन है. सुमित्रा मंदिर है. दशरथ भवन है. ऐसे बीसीयों मंदिर हैं. और इन सबकी उम्र 400-500 साल है. 
यानी ये मंदिर तब बने जब हिंदुस्तान पर मुगल या मुसलमानों का राज रहा. अजीब है न! कैसे बनने दिए होंगे मुसलमानों ने ये मंदिर! उन्हें तो मंदिर तोड़ने के लिए याद किया जाता है. उनके रहते एक पूरा शहर मंदिरों में तब्दील होता रहा और उन्होंने कुछ नहीं किया! कैसे अताताई थे वे, जो मंदिरों के लिए जमीन दे रहे थे. 
शायद वे लोग झूठे होंगे जो बताते हैं कि जहां गुलेला मंदिर बनना था उसके लिए जमीन मुसलमान शासकों ने ही दी. दिगंबर अखाड़े में रखा वह दस्तावेज भी गलत ही होगा जिसमें लिखा है कि मुसलमान राजाओं ने मंदिरों के बनाने के लिए 500 बीघा जमीन दी. निर्मोही अखाड़े के लिए नवाब सिराजुदौला के जमीन देने की बात भी सच नहीं ही होगी. सच तो बस बाबर है और उसकी बनवाई बाबरी मस्जिद! 
अब तो तुलसी भी गलत लगने लगे हैं जो 1528 के आसपास ही जन्मे थे. लोग कहते हैं कि 1528 में ही बाबर ने राम मंदिर तोड़कर बाबरी मस्जिद बनवाई. तुलसी ने तो देखा या सुना होगा उस बात को. बाबर राम के जन्म स्थल को तोड़ रहा था और तुलसी लिख रहे थे मांग के खाइबो मसीत में सोइबो. और फिर उन्होंने रामायण लिखा डाली. राम मंदिर के टूटने का और बाबरी मस्जिद बनने क्या तुलसी को जरा भी अफसोस न रहा होगा! कहीं लिखा क्यों नहीं! 
अयोध्या में सच और झूठ अपने मायने खो चुके हैं. मुसलमान पांच पीढ़ी से वहां फूलों की खेती कर रहे हैं. उनके फूल सब मंदिरों पर उनमें बसे देवताओं पर.. राम पर चढ़ते रहे. मुसलमान वहां खड़ाऊं बनाने के पेशे में जाने कब से हैं. ऋषि मुनि, संन्यासी, राम भक्त सब मुसलमानों की बनाई खड़ाऊं पहनते रहे. सुंदर भवन मंदिर का सारा प्रबंध चार दशक तक एक मुसलमान के हाथों में रहा. 1949 में इसकी कमान संभालने वाले मुन्नू मियां 23 दिसंबर 1992 तक इसके मैनेजर रहे. जब कभी लोग कम होते और आरती के वक्त मुन्नू मियां खुद खड़ताल बजाने खड़े हो जाते तब क्या वह सोचते होंगे कि अयोध्या का सच क्या है और झूठ क्या? अग्रवालों के बनवाए एक मंदिर की हर ईंट पर 786 लिखा है. उसके लिए सारी ईंटें राजा हुसैन अली खां ने दीं.

किसे सच मानें? क्या मंदिर बनवाने वाले वे अग्रवाल सनकी थे या दीवाना था वह हुसैन अली खां जो मंदिर के लिए ईंटें दे रहा था? इस मंदिर में दुआ के लिए उठने वाले हाथ हिंदू या मुसलमान किसके हों, पहचाना ही नहीं जाता. सब आते हैं. एक नंबर 786 ने इस मंदिर को सबका बना दिया. क्या बस छह दिसंबर 1992 ही सच है! जाने कौन. छह दिसंबर 1992 के बाद सरकार ने अयोध्या के ज्यादातर मंदिरों को अधिग्रहण में ले लिया. वहां ताले पड़ गए. आरती बंद हो गई. लोगों का आना जाना बंद हो गया. बंद दरवाजों के पीछे बैठे देवी देवता क्या कोसते होंगे कभी उन्हें जो एक गुंबद पर चढ़कर राम को छू लेने की कोशिश कर रहे थे? सूने पड़े हनुमान मंदिर या सीता रसोई में उस खून की गंध नहीं आती होगी जो राम के नाम पर अयोध्या और भारत में बहाया गया? अयोध्या एक शहर के मसले में बदल जाने की कहानी है. अयोध्या एक तहजीब के मर जाने की कहानी है.
( वसीम अकरम त्यागी के फ़ेस बुक  स्टेटस से. खेद है कि कबाड़खाना जैसे ब्लॉग ने इसे संजीव भट्ट के नाम से पोस्ट किया है)  

(रचनाकार -परिचय:
जन्म :  उत्तर प्रदेश के जिला मेरठ में एक छोटे से गांव अमीनाबाद उर्फ बड़ा गांव में 12 अक्टूबर 1988 को ।
शिक्षा : माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता व  संचार विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नताकोत्तर।
सृजन : समसामायिक और दलित मुस्लिम मुद्दों पर ढेरों  रपट और लेख विभिन्न पत्र-पत्रिकाओं में प्रकाशित ।
 संप्रति :  मुस्लिम टुडे में उपसंपादक/ रिपोर्टर
संपर्क : wasimakram323@gmail.com ) 
read more...
(यहाँ पोस्टेड किसी भी सामग्री या विचार से मॉडरेटर का सहमत होना ज़रूरी नहीं है। लेखक का अपना नज़रिया हो सकता है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान तो करना ही चाहिए।)